Astrology information

मेष राशि की विशेषताएं और भाग्यशाली अंक, रत्न, रंग आदि की महत्वपूर्ण जानकारी

राशि चक्र की प्रथम राशि मेष है। इस राशि के जातकों में कैसे गुण होते हैं, इनके लिए भाग्यशाली अंक, रत्न, रंग आदि की जानकारी आज हम आपको देंगे। इस राशि का स्वामी ग्रह मंगल है और यह अग्नि तत्व की तीन राशियों में से पहली राशि भी है। तो आईए सबसे पहले जानते हैं वह कौन से गुण हैं जो इस राशि के लोगों को अन्य लोगों से अलग बनाते हैं। 

मेष राशि के जातकों के विशेष गुण

सकारात्मक गुण

मेष राशि के लोग तीक्ष्ण बुद्धि के मालिक होते हैं। कालपुरुष कुंडली की प्रथम राशि मेष के जातक किसी भी काम को पूरा करने के लिए अपना शत प्रतिशत देने की कोशिश करते हैं। इस राशि के लोगों को शांति से बैठना पसंद नहीं आता, ये लोग कुछ न कुछ करते रहना चाहते हैं। अगर इनको कोई काम न दिया जाए तो बेचैन हो जाते हैं। साहसिक कार्यों को करने में भी इन लोगों की विशेष रुचि होती है। मंगल ग्रह का प्रभाव इन लोगों को ऊर्जावान बनाता है, इसके साथ ही मंगल ग्रह की तरह इनमें नेतृत्व के गुण भी नजर आते हैं। यह अच्छे लीडर के रुप में अपनी छवि बनाने में कामयाब होते हैं।  

नकारात्मक गुण

मेष राशि के लोगों के नकारात्मक पक्ष की बात की जाए तो इनका अधीर स्वभाव इन्हें कई बार परेशानियों में भी डाल देता है। इस राशि के लोग ईष्यालु स्वभाव के भी होते हैं जिसकी वजह से इनके करीबी लोग भी इनसे दूरी बना सकते हैं। व्यर्थ का घमंड और क्रूर स्वभाव भी इनके नकारात्मक पक्षों में शामिल है। 

राशिचक्र की इन राशियों का मिलता है मेष जातकों को साथ

मेष राशि के जातकों की संगतता राशिचक्र की चार राशियों से होती है। इनमें से दो अग्नि तत्व की ही राशियां हैं पहली सिंह और दूसरी धनु। इसके साथ ही मिथुन और कुंभ राशि के लोगों के साथ भी इनके विचार मेल खाते हैं। 

कैसा होता है इस राशि के लोगों का स्वास्थ्य

मंगल ग्रह के तेज के कारण इस राशि के जातकों को स्वास्थ्य से जुड़ी कोई बड़ी परेशानी आसानी से नहीं होती। यदि इनकी तबीयत बिगड़ भी जाए तो उसमें सुधार भी तीव्रता से होता है। हालांकि नशीले पदार्थों का सेवन इनके लिए बहुत हानिकारक होता है, यहां तक की कॉफी या अत्यधिक चीनी भी इनके स्वास्थ्य में उतार चढ़ाव ला सकती है। कई बार अपने गलत फैसलों के कारण यह लोग मानसिक तनाव में भी आ जाते हैं, जिसके कारण इनका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। 

मेष राशि के लिए शुभ अंक, रत्न और रंग

मेष राशि के लोगों के लिए 9, 18, 27, 45, 63 शुभ अंक हैं। मूंगा, रूबी रत्न इस राशि के लोगों के लिए भाग्यशाली माने जाते हैं। शुभ रंगों की बात की जाए तो लाल रंग इनके लिए सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। 

यह भी पढ़ें- अपने साहसिक गुणों से असंभव लक्ष्यों को भी पा लेते हैं इन तीन राशियों के जातक

 6,402 

Share