मकर संक्रांति की तिथि,पूजा विधि और महत्त्व
मकर संक्रांति हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है, जो हर साल आमतौर पर 14 या 15 जनवरी को पड़ती है। यह त्योहार सूर्य के उत्तरायण होने की शुरुआत के तौर पर मनाया जाता है। इसके अलावा इसे सर्दियों की अलग-अलग फसलों की कटाई के तौर पर भी मनाया जाता है। मकर संक्रांति पर स्नान, दान, सूर्य उपासना और पूजा-पाठ का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मकर संक्रांति पर तिल, गुड़, गर्म वस्त्र, खिचड़ी और अन्न दान का खास महत्व है। वैसे यह इस पर्व का सामान्य परिचय है, यदि आप मकर संक्रांति की तिथि, महत्व, नियम, मंत्र, कथा आदि के बारे में विस्तार से जानना चाहते हैं तो यहां पढ़ें।
मकर संक्रांति कब है?
सूर्य हर महीने राशि बदलता है। लेकिन सूर्य जब धनु राशि की यात्रा को विराम देते हुए मकर राशि प्रवेश करते हैं, उस दिन मकर संक्रांति मनाई जाती है। 2027 में मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाएगी। दरअसल 14 जनवरी को सूर्य रात 9 बजकर 14 मिनट पर मकर राशि में प्रवेश करेंगे। संक्रांति रात के समय सूर्यास्त के बाद हो रही है, ऐसे में उदयातिथि और पुण्यकाल 15 जनवरी को मान्य होगी।
|
मकर संक्रांति |
15 जनवरी 2027 |
|
संक्रांति का क्षण |
14 जनवरी 2027, रात 9:14 बजे |
|
पुण्य काल का मुहूर्त |
15 जनवरी 2027, सुबह 7:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक |
|
महापुण्य काल मुहूर्त |
15 जनवरी 2027, सुबह 7:15 बजे से 9:15 बजे तक |
नोट: यह मुहूर्त नई दिल्ली के समय के आधार पर है। अलग-अलग शहरों में सूर्योदय और स्थानीय पंचांग के अनुसार समय में थोड़ा अंतर हो सकता है। मकर संक्रांति पर स्नान, दान, पूजा आदि के शुभ मुहूर्त के लिए अपने शहर का आज का पंचांग देखें।
मकर संक्रांति का धार्मिक महत्व
मकर संक्रांति का त्योहार अलग-अलग नाम और परंपराओं के साथ पूरे भारतवर्ष में मनाया जाने वाला हिंदू त्योहार है। इसे खिचड़ी पर्व, उत्तरायण, माघी, बिहू, पौष संक्रांति, मकर विलक्कू और मकर चौला जैसे कई नामों के जाना जाता है। मकर संक्रांति नाम का अर्थ बदलाव से होता है। इस तिथि को धार्मिक दृष्टि से महास्नान का योग भी माना जाता है। इस दिन लोग गंगा, यमुना जैसी पवित्र नदियों में स्नान करते हैं और फिर सूर्य देव को अर्ध्य दिया जाता है।
- नई शुरुआत का प्रतीक: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मकर संक्रांति से सूर्य की उत्तरायण गति शुरू हो जाती है। इसलिए अंधकार से प्रकाश, नकारात्मकता से सकारात्मकता और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
- देवताओं का विशेष दिवस: मकर संक्रांति वह तिथि है, जिसे सूर्य उत्तरायण के साथ देवताओं का दिवस भी माना जाता है। इस काल को सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक साधना के लिए बहुत शुभ माना जाता है।
- मोक्ष की मान्यता: मकर संक्रांति की पौराणिक कथा महाभारत काल के भीष्म पितामह से भी जुड़ी मानी जाती है। कहा जाता है कि भीष्म पितामह को इच्छामृत्यु का वरदान प्राप्त था और उन्होंने देह त्यागने के लिए सूर्य के उत्तरायण होने तक का इंतजार किया। मान्यता है कि इस दौरान देह त्यागने से मोक्ष और सद्गति प्राप्त होती है।
- सूर्य-शनि का संबंध: सूर्य और शनि के बीच पिता-पुत्र का संबंध है। इसके बावजूद दोनों में शत्रुता का भाव है। मकर शनि के आधिपत्य वाली राशि है, ऐसे में जब मकर संक्रांति के दिन सूर्य धनु राशि की यात्रा को विराम देकर अपने पुत्र शनि की राशि में प्रवेश करते हैं तो यह सूर्य-शनि के बीच घनिष्ठ संबंध को दर्शाता है। इसलिए इस दिन सूर्य और शनि दोनों की कृपा प्राप्त करने के लिए पूजा-पाठ किया जाता है।
मकर संक्रांति से जुड़ी मान्यताएं
1. स्नान-दान और सूर्य उपासना का अवसर
मकर संक्रांति के दिन सूर्य उपासना का खास महत्व शास्त्रों में बताया गया है। इस दिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करने और सूर्योदय के समय सूर्य को अर्घ्य देने से जातक को सुख, समृद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है। साथ ही सूर्य देव से आरोग्यता का आशीर्वाद भी मिलता है।
2. तिल-गुड़ और खिचड़ी का महत्व
मकर संक्रांति के विशेष अवसर पर खिचड़ी बनाने, दान करने और भोग स्वरूप इसे ग्रहण करने की मान्यता है। साथ ही इस दिन स्नान-दान और पूजा के बाद लोग तिल-गुड़ और इससे बने व्यंजन भी खाते हैं। यह कड़ाके की सर्दी में शरीर को गरमाहट और पोषण देने वाला एक प्रमुख व्यंजन माना जाता है। कई क्षेत्रों में 'तिल-गुड़ खाओ और मीठा बोलो' का संदेश भी दिया जाता है।
3. पितरों के स्मरण का दिन
मकर संक्रांति पर स्नान के बाद पितरों के निमित्त तर्पण करने और दान देने की भी परंपरा है। इसके अलावा गाय, कुत्ते और कौवों को भोजन कराना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि सूर्य जब उत्तरायण होता, उस समय पितरों का तर्पण करने से उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होती है, पितृ दोष कम होता है और पितृ प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं।
4. खरमास की समाप्ति
मकर संक्रांति के दिन को इसलिए भी शुभ माना जाता है, क्योंकि सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करते ही खरमास भी समाप्त हो जाता है और शुभ-मांगलिक कार्यों की फिर से शुरुआत हो जाती है। खरमास के दौरान विवाह, गृह-प्रवेश, कर्ण छेदन, मुंडन, उपनयन संस्कार जैसे कार्य शुभ नहीं माने जाते हैं।
5. नई शुरुआत का प्रतीक
मकर संक्रांति के त्योहार को कई परंपराओं और रीति-रिवाजों में नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इसे प्रकृति में बदलाव और फसल के नए मौसम के आगमन के उपलक्ष्य में भी मनाया जाता है। किसान इस दिन नई फसल की कटाई करते हैं और प्रकृति व सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
6. मकर संक्रांति पर पतंगबाजी
ऋतु परिवर्तन, सूर्य का उत्तरायण होना और सामूहिक उत्सव होने के कारण मकर संक्रांति पर पतंगबाजी की परंपरा है। लोग इस दिन दोपहर के समय छतों या खुले स्थान पर पतंग उड़ाते हैं, जिससे यह पर्व सामाजिक मेल-जोल और उत्साह को भी बढ़ाता है। मकर संक्रांति के बाद से धीरे-धीरे दिन भी बढ़ने लगते हैं और ठंड कम होने लगती है। इसलिए इसे प्रकाश और सकारात्मकता के बढ़ने का प्रतीक भी माना जाता है।
मकर संक्रांति पूजा विधि
स्नान और संकल्प
मकर संक्रांति के दिन सुबह बह्म मुहूर्त में ही उठकर स्नान करना चाहिए। इस अवसर पर नदी में पवित्र स्नान का विशेष महत्व है। हालांकि किसी कारण यदि नदी स्नान करना संभव न हो तो नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाकर भी स्नान कर सकते हैं। स्नान के बाद साफ कपड़े पहन लें और पूजा व दान का संकल्प लें।
सूर्य अर्घ्य और पूजा
स्नान के बाद सूर्य देव को जल में थोड़ा तिल, लाल फूल, गुड़, अक्षत और लाल चंदन या कुमकुम मिलाकर अर्घ्य दें। अर्घ्य देते समय सूर्य मंत्र का जाप जरूर करें और संभव हो तो आदित्य हृदय स्रोत का पाठ करें। यहां देखें सूर्य देव के मंत्र-
1. सूर्य देव का बीज मंत्र
ॐ ह्रां ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः॥
2. सूर्य देव का सरल मंत्र
ॐ घृणिः सूर्याय नमः॥
3. सूर्य गायत्री मंत्र
ॐ आदित्याय विद्महे दिवाकराय धीमहि। तन्नः सूर्यः प्रचोदयात्॥
घर के मंदिर में पूजा
सूर्य देव को अर्घ्य देने के बाद अपने पूजाघर में भी पूजा करें। इसके लिए पूजा स्थल की सफाई करें। मंदिर में स्थित देवी-देवताओं का पूजन करें। तिलक, कुमकुम, हल्दी, फल-फूल आदि अर्पित करें और धूप-दीप जलाएं। साथ ही सात्विक खिचड़ी, तिल के लड्डू, गुड़ और अन्य प्रसाद भी अर्पित करें और परिवार के सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
दान और दीपदान
ज्योतिष अनुसार मकर संक्रांति पर दान देना पूजा-परंपरा का ही एक अंग है। इस दिन लोग अपनी क्षमतानुसार, मौसमी फल, गर्म वस्त्र, तिल, तिल के लड्डू, खिचड़ी, गुड़, घी अन्न और अन्य चीजों का दान करते हैं। मान्यता है कि मकर संक्रांति पर किए गए दान से कई गुणा फल की प्राप्ति होती है और यह दान अक्षय पुण्य फल प्रदान करता है
मकर संक्रांति पर कौन सा दान क्या फल देता है?
मकर संक्रांति पर दान करने की परंपरा सदियों पुरानी मानी जाती है। इस तिथि पर लोग कई तरह की चीजें दान करते हैं, लेकिन क्या आप जानना चाहते हैं कि कौन सा दान क्या फल दे सकता है? यदि हां, तो यहां पढ़ें-
|
दान की वस्तु |
धार्मिक महत्व |
|
काला तिल |
शनि देव और पितरों की कृपा |
|
गुड़ |
सुख-समृद्धि और पारिवारिक मधुरता में वृद्धि |
|
चावल, दाल या अन्न |
समृद्धि और सकारात्मकता में वृद्धि |
|
खिचड़ी का दान |
अक्षय पुण्य फल |
|
घी |
शुभता और आध्यात्मिकता का प्रतीक |
|
तांबा का दान |
सूर्य देव का आशीर्वाद |
मकर संक्रांति पर क्या करें और क्या नहीं?
हिंदू धर्म से जुड़े हर पर्व-त्योहार का विशेष धार्मिक महत्व होता है और इसके कुछ नियम भी होते हैं। इसलिए यह जान लीजिए कि मकर संक्रांति पर आपको क्या करना चाहिए और किन कामों से बचना चाहिए।
मकर संक्रांति पर क्या करें
- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। कोशिश करें कि ब्रह्म मुहूर्त में ही स्नान कर लें। यदि इस मुहूर्त में स्नान न कर पाएं तो महापुण्य काल तक स्नान जरूर कर लें।
- मकर संक्रांति के दिन भगवान को सात्विक भोजन का ही भोग लगाएं, स्वयं भी सात्विक भोजन ही ग्रहण करें और दान करने के लिए भी सात्विक चीजों का प्रयोग करें।
- कई क्षेत्रों में मकर संक्रांति पर चौक पूजन की परंपरा है। लोग सुबह मुख्य द्वार या आंगन में आटे के चौक पूजते हैं।
- मकर संक्रांति पर संध्याकाल में मुख्य द्वार पर घी का दीपक जरूर जलाएं। इससे सकारात्मक ऊर्जा का घर में प्रवेश होता है।
- मकर संक्रांति पर खिचड़ी, तिल, गुड़ आदि के साथ-साथ नमक का दान करना शुभ और पुण्यदायी माना जाता है।
मकर संक्रांति पर क्या न करें
- मकर संक्रांति पर लहसुन-प्याज युक्त भोजन से परहेज करें। मांसाहार से दूर रहें और नशीले पदार्थों का सेवन न करें।
- मकर संक्रांति के दिन बहुत देर तक सोने से बचें और बिना स्नान किए भोजन नहीं करें।
- इस दिन किसी को अपशब्द या कटु वचन न कहें और मन से प्रसन्न रहें।
- पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई या पेड़-पौधों को मकर संक्रांति पर नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए।
- मकर संक्रांति पर यदि कोई गरीब या जरूरतमंद आए तो उसे खाली हाथ वापस न लौटाएं।
- मकर संक्रांति इस्तेमाल किया तेल, पहने हुए वस्त्र, बासी भोजन और प्लास्टिक की चीजों का दान भूलकर भी नहीं करें।
- सूर्य देव को प्लास्टिक, स्टील या एल्युमिनियम के पात्र से अर्घ्य नहीं देना चाहिए।
मकर संक्रांति की धार्मिक कथाएं
मकर संक्रांति त्योहार के संबंध में कई पौराणिक कथाओं का वर्णन शास्त्रों व पुराणों में मिलता है। जानें मकर संक्रांति की धार्मिक कथाएं व गाथाएं-
शनि-सूर्य की कथा
कथा के अनुसार सूर्य की दो पत्नियां थी जिनका नाम संज्ञा और छाया था। छाया से सूर्य देव को एक पुत्र की प्राप्ति हुई, जिसका नाम शनि पड़ा। शनि का रंग काला होने के कारण सूर्य ने छाया पर संदेह किया वे उनकी संतान नहीं है। इसके बाद छाया और सूर्य के बीच तनाव बढ़ने लगा। अपना और अपनी मां का अपमान किए जाने के कारण शनि के मन में पिता के प्रति विरोध भावना पैदा हुई, जिस कारण पिता-पुत्र के संबंध में शत्रुता जैसा भाव पैदा हो गया। छाया और शनि सूर्य से अलग होकर कुंभ नामक घर में रहने लगे।
एक बार सूर्य के बुरे व्यवहार से क्रोधित शनि ने उन्हें श्राप दे दिया, जिसके कारण सूर्य का तेज (प्रभाव) कम होने लगा। वहीं क्रोध में आकर सूर्य ने शनि का घर (कुंभ) जला दिया। बाद में सूर्य को अपनी भूल का अहसास हुआ और वे शनि के घर पहंचे तो देखा कि घर पूरी तरह से जल चुका है और शनि के पास केवल काले तिल की थे, जिससे उन्होंने अपने पिता की अराधना की। शनि का विनम्र भाव देखकर सूर्य का मन पिघल गया और उन्होंने शनि को नया घर दिया, जिसका नाम मकर था। इसके बाद से ही शनि कुंभ और मकर दो राशियों के स्वामी बने।
सूर्य ने कहा कि, जब भी मैं तुम्हारे घर (मकर) में प्रवेश करूंगा तब संसार में अन्न, धन और समृद्धि का संचार होगा और सभी कष्ट दूर होंगे। मकर राशि में आते ही सूर्य भी उत्तरायण हो जाते हैं और उनका प्रभाव बढ़ने लगता है। इसलिए मकर संक्रांति पर्व में तिल अर्पित कर सूर्य देव की पूजा की जाती है, तिल का सेवन किया जाता है और तिल का दान दिया जाता है।
भीष्म पितामह की कथा
मकर संक्रांति पर्व की एक पौराणिक कथा महाभारत काल से भी जुड़ी है। कथा के अनुसार, महाभारत युद्ध के दौरान अर्जुन ने भीष्म पितामह पर बाणों की वर्षा की, जिससे उनका संपूर्ण शरीर बाणों से बिंध गया और बाण शय्या पर लेट गए। भीष्म पितामह को इच्छा मृत्यु का वरदान प्राप्त था, इसलिए बाणों की शय्या पर लहुलुहान होने पर भी उनकी मृत्यु नहीं हुई। वे लगभग 58 दिनों तक बाणों की शय्या पर लेटे रहे, क्योंकि उस समय सूर्य दक्षिणायन में थे। भीष्म पितामह ने अपनी मृत्यु के लिए सूर्य के उत्तरायण होने का इंतजार किया और मकर संक्रांति का दिन चुना। जैसे ही सूर्य मकर राशि में प्रवेश कर उत्तरायण हुए, भीष्म पितामह ने अर्जुन के बाण से निकली गंगा की धार का पान कर प्राण त्याग मोक्ष प्राप्त किया।
राजा भगीरथ और गंगा अवतरण
मकर संक्रांति से जुड़ी एक अन्य कथा के अनुसार, एक बार राजा भगीरथ के स्वप्न में उनके पूर्वज आएं और उन्होंने अपने मुक्ति का अनुरोध किया। पूर्वजों की अतृप्त आत्माओं की पीड़ा देख भगीरथ विचलित हो गए और राजपाट छोड़ गंगा को स्वर्ग से धरती पर लाने का प्रण लिया। कठोर तप और प्रयास के बाद राजा भगीरथ अपने पूर्वजों की मुक्ति के लिए मां गंगा को धरती पर लाने में सफल हुए। मकर संक्रांति के दिन गंगा कपिल मुनि के आश्रम से होते हुए गंगा सागर तक पहुंचीं। इसके बाद भगीरथ ने जल और तिल से पूर्वजों का तर्पण किया, जिसके बाद पूर्वजों को मोक्ष की प्राप्ति हुई। इसके बाद से ही गंगा नदी में स्नान और तर्पण की परंपरा की शुरुआत मानी जाती है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
नहीं, मकर संक्रांति पर खिचड़ी खाना अनिवार्य नहीं है। इस दिन खिचड़ी खाना और दान करना परंपरा से जुड़ा हुआ है।
मकर संक्रांति से सूर्य की उत्तरायण गति शुरू हो जाती है। इसलिए इस पर्व का एक नाम उत्तरायण भी है।
काले तिल का संबंध शनि देव और पितरों से जोड़ा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन काले तिल के दान से शनि दोष और पितृ दोष कम होता है।
नहीं, मकर संक्रांति की तिथि हर साल एक जैसी नहीं रहती है। आमतौर पर यह 14 या 15 जनवरी को पड़ती है।
हां, मकर संक्रांति पर बाल धो सकते हैं। यह स्नान और शुद्धि से जुड़ा है। हालांकि कुछ परंपराओं व मान्यताओं में संक्रांति यदि गुरुवार, मंगलवार या शनिवार को पड़े तो बाल धोने से बचा जाता है।