वैदिक ज्योतिष के अनुसार, एक महीने में कुल 30 तिथियां होती हैं। इनमें पहले 15 दिन शुक्ल पक्ष और अगले 15 दिन कृष्ण पक्ष कहलाते हैं। अमावस्या और पूर्णिमा महीने में सिर्फ एक बार आती हैं, जबकि बाकी तिथियां दो बार पड़ती हैं। तिथि के आधार पर ही सभी बड़े व्रत, त्योहार, जयंती और पुण्यतिथि तय की जाती हैं। इसलिए लोग अक्सर जानना चाहते हैं कि आज क्या तिथि है या आज कौन सी तिथि है (aaj kaun sa tithi hai)।
तिथि के प्रकार व किस तिथि में करें कौन सा कार्य
हिंदू पंचांग में आने वाली 30 तिथियों को मुख्य रूप से 5 भागों में बांटा गया है- नंदा, भद्रा, जया, रिक्ता और पूर्णा। ज्योतिष शास्त्र में माना जाता है कि हर तिथि की अपनी अलग ऊर्जा और प्रभाव होता है। इसलिए कई लोग शुभ काम शुरू करने से पहले तिथि जरूर देखते आए हैं। आइए जानते हैं कि किस तिथि में कौन सा काम करना शुभ माना गया है।
नंदा तिथि
प्रतिपदा, षष्ठी और एकादशी को नंदा तिथि कहा जाता है। इस तिथि को खुशहाली और शुभता से जोड़कर देखा जाता है। माना जाता है कि इस दिन नया काम शुरू करना, व्यापार आरंभ करना, भवन निर्माण या किसी शुभ कार्य की शुरुआत करना अच्छा रहता है।
भद्रा तिथि
द्वितीया, सप्तमी और द्वादशी भद्रा तिथि कहलाती हैं। इस तिथि में पूजा-पाठ, व्रत, दान-पुण्य जैसे धार्मिक कार्य शुभ माने जाते हैं। इसके अलावा अनाज खरीदना, वाहन लेना या पशुधन से जुड़े काम करना भी अच्छा माना गया है। हालांकि, शादी-विवाह जैसे बड़े मांगलिक कार्यों से बचने की सलाह दी जाती है।
जया तिथि
तृतीया, अष्टमी और त्रयोदशी को जया तिथि कहा जाता है। इस तिथि को साहस, विजय और सफलता से जुड़ी मानी जाती है। कोर्ट-कचहरी के मामले, प्रतियोगिता, वाहन खरीदना या कला और शिक्षा से जुड़े काम इस दिन शुभ माने गए हैं।
रिक्ता तिथि
चतुर्थी, नवमी और चतुर्दशी को रिक्ता तिथि कहा जाता है। ज्योतिष के अनुसार, इस तिथि में नए और शुभ काम शुरू करने से बचना चाहिए। गृहप्रवेश, विवाह या नया व्यापार शुरू करना इस दिन शुभ नहीं माना जाता। हालांकि तंत्र-मंत्र साधना और तीर्थ यात्रा के लिए यह तिथि अच्छी मानी गई है।
पूर्णा तिथि
पंचमी, दशमी, पूर्णिमा और अमावस्या को पूर्णा तिथि कहा जाता है। अमावस्या को छोड़कर बाकी पूर्णा तिथियों को शुभ और मांगलिक कार्यों के लिए अच्छा माना जाता है। पूजा, धार्मिक आयोजन, शुभ शुरुआत और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए यह तिथि अच्छी मानी जाती है।
शून्य तिथि
ज्योतिष शास्त्र में इन पांच तिथियों के अलावा कुछ तिथियों को शून्य तिथि भी माना गया है। मान्यता है कि इन तिथियों में विवाह जैसे बड़े मांगलिक कार्य नहीं करने चाहिए। हालांकि पूजा-पाठ, दान या दूसरे सामान्य शुभ काम किए जा सकते हैं। हर महीने में कुछ खास तिथियां शून्य तिथि मानी जाती हैं। जैसे चैत्र महीने की कृष्ण पक्ष अष्टमी, वैशाख कृष्ण नवमी, ज्येष्ठ कृष्ण चतुर्दशी और ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को शून्य तिथि कहा गया है। इसी तरह सावन, भाद्रपद, आश्विन, कार्तिक, मार्गशीर्ष, पौष और माघ महीने में भी कुछ तिथियां शून्य तिथि के अंतर्गत आती है। मान्यता है कि इन दिनों में शादी, गृहप्रवेश या बड़े शुभ कार्यों से बचना बेहतर माना जाता है, ताकि भविष्य में किसी तरह की बाधा या परेशानी न आए।
तिथि का महत्व
हिंदू पंचांग में तिथियों को बेहद महत्वपूर्ण माना गया है। हिंदू धर्म के लगभग सभी बड़े त्योहार और पर्व भी तिथि के आधार पर ही तय होते हैं, जैसे राम नवमी, जन्माष्टमी, महाशिवरात्रि, एकादशी, पूर्णिमा और अमावस्या जैसी महत्वपूर्ण तिथियों का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार हर तिथि का अपना अलग प्रभाव और ऊर्जा होती है। एक तिथि की अवधि हमेशा समान नहीं होती। यह लगभग 19 घंटे से लेकर 26 घंटे तक चल सकती है। हिंदू पंचांग में कुल 16 मुख्य तिथियां मानी गई हैं, प्रथमा, द्वितीया, तृतीया, चतुर्थी, पंचमी, षष्ठी, सप्तमी, अष्टमी, नवमी, दशमी, एकादशी, द्वादशी, त्रयोदशी, चतुर्दशी, अमावस्या और पूर्णिमा।
पंचांग की तिथियां और उनका प्रभाव
पूरे महीने को दो पक्षों यानी शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष में बांटा जाता है। दोनों पक्षों में 15-15 तिथियां होती हैं। इस तरह एक महीने में कुल 30 तिथियां मानी जाती हैं। अमावस्या और पूर्णिमा को छोड़ दें, तो बाकी सभी तिथियां महीने में दो बार आती हैं।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार हर तिथि का अपना अलग स्वभाव, ऊर्जा और प्रभाव होता है। कुछ तिथियां शुभ कामों के लिए अच्छी मानी जाती हैं, तो कुछ तिथियों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। आइए जानते हैं कि कौन सी तिथि किस काम के लिए शुभ मानी जाती है।
प्रतिपदा तिथि
प्रतिपदा या प्रथम तिथि को नए काम शुरू करने, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए अच्छा माना जाता है। इस तिथि के स्वामी अग्निदेव माने गए हैं, इसलिए इसे ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
द्वितीया तिथि
द्वितीया तिथि को घर, भवन या किसी स्थायी काम की शुरुआत के लिए शुभ माना गया है। इस दिन भूमि पूजन या नींव रखने जैसे कार्य अच्छे माने जाते हैं। इस तिथि के अधिपित ब्रह्मदेव माने जाते हैं।
तृतीया तिथि
तृतीया, जिसे तीज भी कहा जाता है, बाल कटवाने, मुंडन, नाखून काटने और श्रृंगार से जुड़े कामों के लिए अच्छी मानी जाती है। इस दिन देवी गौरी की पूजा का विशेष महत्व होता है।
चतुर्थी तिथि
चतुर्थी तिथि भगवान गणेश से जुड़ी मानी जाती है। इस दिन विघ्नों को दूर करने, शत्रुओं पर विजय पाने और कठिनाइयों से राहत के लिए पूजा-पाठ करना शुभ माना जाता है।
पंचमी तिथि
पंचमी तिथि को इलाज, सर्जरी या स्वास्थ्य संबंधी सलाह लेने के लिए अच्छा माना गया है। इस तिथि के अधिपति नाग देवता माने गए हैं।
षष्ठी तिथि
षष्ठी तिथि उत्सव मनाने, नए लोगों से मिलने और मित्रता बढ़ाने के लिए शुभ मानी जाती है। इस दिन भगवान कार्तिकेय की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है।
सप्तमी तिथि
सप्तमी तिथि को यात्रा शुरू करने और खरीदारी करने के लिए बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन शुरू की गई यात्रा अच्छे परिणाम देती है। इस तिथि पर सूर्यदेव का स्वामित्व माना गया है।
अष्टमी तिथि
अष्टमी तिथि साहस, शक्ति और विजय से जुड़ी मानी जाती है। इस दिन भगवान शिव और मां दुर्गा की पूजा का विशेष महत्व होता है। खासकर कृष्ण पक्ष की अष्टमी में पूजा करना शुभ माना गया है।
नवमी तिथि
नवमी तिथि को यात्रा और मांगलिक कार्यों के लिए बहुत शुभ नहीं माना जाता। हालांकि देवी पूजा और शक्ति साधना के लिए यह दिन विशेष माना गया है। इस तिथि पर मां अंबिका का अधिकार बताया गया है।
दशमी तिथि
दशमी तिथि धार्मिक कार्यों, पूजा-पाठ, दान और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए शुभ मानी जाती है। इस दिन धर्मराज का प्रभाव माना गया है।
एकादशी तिथि
एकादशी हिंदू धर्म की सबसे पवित्र तिथियों में से एक मानी जाती है। इस दिन भगवान विष्णु और शिव की भक्ति, व्रत और पूजा करने का विशेष महत्व बताया गया है।
द्वादशी तिथि
द्वादशी तिथि धार्मिक अनुष्ठानों और भगवान विष्णु की पूजा के लिए उत्तम मानी जाती है। इस दिन किए गए दान-पुण्य को भी शुभ फलदायी माना गया है।
त्रयोदशी तिथि
त्रयोदशी तिथि को उत्सव मनाने, मित्रता बढ़ाने और वैवाहिक सुख से जुड़े कार्यों के लिए अच्छा माना जाता है। इस तिथि पर कामदेव का प्रभाव माना गया है।
चतुर्दशी तिथि
चतुर्दशी तिथि मां काली और भगवान शिव की उपासना के लिए खास मानी जाती है। तंत्र-मंत्र साधना और नकारात्मक शक्तियों से छुटकारा पाने के लिए भी यह तिथि महत्वपूर्ण मानी गई है।
पूर्णिमा तिथि
पूर्णिमा तिथि को व्रत, यज्ञ, कथा और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन चंद्रमा का विशेष प्रभाव माना जाता है और पूजा-पाठ करने से शुभ फल मिलने की मान्यता है।
अमावस्या तिथि
अमावस्या तिथि पितरों का तर्पण और दान-पुण्य के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस दिन पितरों की शांति के लिए पूजा-पाठ और दान करना शुभ माना जाता है। कई लोग इस दिन व्रत और पूजा भी करते हैं।
मनुष्य के जीवन में तिथि का प्रभाव
ज्योतिष शास्त्र में हर तिथि का अपना अलग नाम, प्रभाव और महत्व बताया गया है। हालांकि कई लोग तिथि और नक्षत्र को एक ही समझ लेते हैं, जबकि दोनों अलग-अलग होते हैं। दोनों का आपस में गहरा संबंध जरूर है, लेकिन दोनों अलग चीजों को दर्शाते हैं। ज्योतिष के अनुसार तिथि का संबंध जल तत्व से माना गया है। यह व्यक्ति के मन, सोच और भावनाओं की स्थिति को दिखाती है।
वहीं नक्षत्र का संबंध वायु तत्व से माना गया है, जो हमारे अनुभवों, विचारों और जीवन में होने वाली घटनाओं की ओर संकेत करता है। तिथि इस बात का संकेत देती है कि किसी कार्य में सफलता मिलेगी या नहीं। यही कारण है कि शुभ काम करने से पहले तिथि और मुहूर्त जरूर देखा जाता है। तिथि व्यक्ति की पसंद, रुचि और स्वभाव के बारे में भी काफी कुछ बताती है। तिथि यह बताती है कि व्यक्ति अपने रिश्तों और संबंधों को किस तरह निभाता है। इतना ही नहीं, यह हमारे व्यवहार, भावनात्मक सोच और दूसरों के प्रति नजरिए को भी प्रभावित करती है।