कुंडली में षष्ठम भाव (6th House) क्या है?

जीवन तब अर्थपूर्ण लगता है जब हम हर चुनौतियों का सामना करना, समस्याओं को हल करना और हर अनुभव के साथ मजबूत बनना सीख जाते हैं। जन्म कुंडली (जन्म पत्रिका) का षष्ठ यानी छठा भाव जीवन के इस सफर को दर्शाता है। कुंडली के इस भाव को अधिकतर स्वास्थ्य, सेवा और चुनौतियों से जोड़ा जाता है। साथ ही इसे कुंडली के सबसे व्यावहारिक भाव के तौर पर देखा जाता है। 

छठा भाव दर्शाता है कि आप अपनी जिम्मेदारियों को कैसे संभालते हैं, मुश्किल परिस्थियों का मुकाबला कैसे करते हैं, अपने स्वास्थ्य को कितनी प्राथमिकता देते हैं और अच्छी आदतों को विकसित कर अपने रोजमर्रा जीवन को कैसे आसान बनाते हैं। वैदिक ज्योतिषी कुंडली के छठे भाव को कर्ज, बीमारी और शत्रु से भी जोड़कर देखते हैं। ज्योतिष के अनुसार छठे भाव का परिणाम किसी व्यक्ति के जीवन पर कैसा पड़ेगा, यह इस बात पर निर्भर करता है कि इस भाव में कौन से ग्रह और राशियां हैं। इस भाव को विस्तार से जानने के लिए यहां पढ़ें।

वैदिक ज्योतिष में छठा भाव क्या है?

कुंडली के बारह भावों में से छठे भाव को वैदिक ज्योतिष में षष्ठ भाव कहा जाता है। यह रोजाना आने वाली चुनौतियों को दिखाता है जो जिंदगी को मजबूत बनाने में मदद करती है। यह भाव जीवन में जरूरी पड़ाव या लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए जरूरी कोशिशों पर केंद्रित करता है।

  • वैदिक नाम- अरि भाव या शत्रु भाव 
  • प्राकृतिक शासक ग्रह और राशि- बुध ग्रह और कन्या राशि 
  • छठे भाव से जुड़े लोग- शत्रु, प्रतिस्पर्धी, सहकर्मी, कर्मचारी और आपकी अधीनता में काम करने वाले
  • छठे भाव में होने वाली गतिविधियां- दैनिक जीवन, स्वास्थ्य, संघर्ष, सेवा और प्रबंधन

छठे भाव में विभिन्न ग्रहों का प्रभाव

छठे भाव में सूर्य का प्रभाव

छठे भाव में सूर्य की उपस्थिति से व्यक्ति प्रतिस्पर्धा का सामना करने और अपने विरोधियों पर विजय पाने की क्षमता रखता है। सूर्य के मजबूत होने पर जातक सरकारी सेवा, प्रशासन, नेतृत्व और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करता है। लेकिन सूर्य के पीड़ित या कमजोर होने पर कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों संग मतभेद, अहंकार और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं।

छठे भाव में चंद्रमा का प्रभाव

छठे भाव में चंद्रमा होने पर व्यक्ति का मन कामकाज, दैनिक जिम्मेदारियों और दूसरों की मदद करने में लगा रह सकता है। चंद्रमा मजबूत होने पर जातक में दूसरों की भावनाओं को समझने और सेवा से जुड़े कार्यों में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता होती है। इसके विपरीत, कमजोर चंद्रमा के कारण काम का तनाव, भावनात्मक अस्थिरता और चिंता बढ़ सकती है।

छठे भाव में मंगल का प्रभाव

छठे भाव में मंगल की उपस्थिति व्यक्ति को साहसी, प्रतिस्पर्धी और चुनौतियों का सामना करने वाला बनाती है। मंगल मजबूत होने पर जातक अपने विरोधियों और मुश्किल परिस्थितियों पर विजय प्राप्त करने की क्षमता रखता है। ऐसे लोग सेना, पुलिस, खेल और चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में अच्छा कर सकते हैं। वहीं, मंगल कमजोर या पीड़ित होने पर गुस्सा, विवाद, जल्दबाजी और चोट लगने की आशंका बढ़ सकती है।

छठे भाव में बुध का प्रभाव

छठे भाव में बुध की मौजूदगी से व्यक्ति विश्लेषण करने और समस्याओं को सुलझाने वाला हो सकता है। बुध की मजबूती से लेखन, अकाउंटिंग, कानून, शिक्षा, प्रबंधन और संचार से जुड़े कार्यों में जातक सफलता पाता है। वहीं बुध कमजोर होने पर कामकाज में उलझन, अनावश्यक चिंता और सहकर्मियों के साथ संवाद संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

छठे भाव में बृहस्पति का प्रभाव

छठे भाव में बृहस्पति (गुरु) के कारण व्यक्ति सेवा, शिक्षा, कानून और सामाजिक कार्यों के प्रति रुचि रख सकता है। बृहस्पति यदि मजबूत हो तो जातक को मुश्किल परिस्थितियों में सही मार्गदर्शन मिलता है, जिससे वह विवादों को सुलझाने में सफल होता है। वहीं, बृहस्पति के कमजोर होने पर कर्ज, आर्थिक जिम्मेदारियों और कार्यस्थल पर मतभेदों से जुड़ी चुनौतियां बढ़ सकती हैं।

छठे भाव में शुक्र का प्रभाव

छठे भाव में शुक्र होने पर व्यक्ति कार्यस्थल पर अच्छे संबंध बनाने और सहयोग के साथ काम करने की कोशिश करता है। शुक्र मजबूत होने पर जातक कला, फैशन, डिजाइन, हॉस्पिटैलिटी, ब्यूटी और पब्लिक रिलेशन जैसे क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। वहीं, शुक्र कमजोर या पीड़ित होने पर सहकर्मियों के साथ मतभेद, रिश्तों में तनाव और सुख-सुविधाओं पर अधिक खर्च करने की प्रवृत्ति हो सकती है।

छठे भाव में शनि का प्रभाव

छठे भाव में शनि होने पर व्यक्ति मेहनती, अनुशासित और जिम्मेदार स्वभाव का हो सकता है। शनि मजबूत होने पर जातक लंबे समय तक प्रयास करके अपने विरोधियों, प्रतिस्पर्धा और मुश्किल परिस्थितियों पर विजय प्राप्त कर सकता है। ऐसे लोग सरकारी सेवा, प्रबंधन, कानून और प्रशासन से जुड़े कार्यों में अच्छा कर सकते हैं। वहीं, शनि कमजोर या पीड़ित होने पर काम में देरी, जिम्मेदारियों का दबाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।

छठे भाव में राहु का प्रभाव

छठे भाव में राहु होने पर व्यक्ति में प्रतिस्पर्धा से आगे निकलने और मुश्किल परिस्थितियों में अलग तरीके से समाधान खोजने की क्षमता हो सकती है। राहु यदि मजबूत स्थिति में हो तो जातक अपने विरोधियों पर विजय प्राप्त कर सकता है और राजनीति, शोध, तकनीक या रणनीति से जुड़े क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकता है। वहीं, राहु पीड़ित होने पर कार्यस्थल पर विवाद, अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और कर्ज से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं।

छठे भाव में केतु का प्रभाव

छठे भाव में केतु होने पर व्यक्ति समस्याओं की गहराई तक जाकर उनका समाधान खोजने में रुचि रख सकता है। केतु मजबूत होने पर जातक में रिसर्च, चिकित्सा, आध्यात्मिकता और गुप्त विषयों को समझने की क्षमता हो सकती है। साथ ही, वह विरोधियों और कठिन परिस्थितियों से बिना अधिक दिखावे के निपट सकता है। वहीं, केतु पीड़ित होने पर काम में मन न लगना, सहकर्मियों से दूरी और स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही हो सकती है।

छठे भाव में विभिन्न राशियों का प्रभाव 

छठे भाव में मेष राशि 

छठे भाव में मेष राशि की मौजूदगी व्यक्ति को चुनौतियों का सामना करने के लिए साहसी और आत्मविश्वासी बना सकता है। ऐसे लोग प्रतिस्पर्धा में आगे रहते हैं और मुश्किल परिस्थितियों में जल्दी हार नहीं मानते। मेष राशि के स्वामी ग्रह मंगल यदि इस भाव में मजबूत हो तो व्यक्ति शत्रुओं पर विजय प्राप्त करता है, सेना, पुलिस, खेल या चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करता है। वहीं मंगल यदि कमजोर हो तो गुस्सा, जल्दबाजी और कार्यस्थल पर विवाद की स्थिति बन सकती है।

छठे भाव में वृषभ राशि 

छठे भाव में वृषभ राशि के कारण व्यक्ति अपने काम और दैनिक जिम्मेदारियों को धैर्यपूर्वक निभाता है। ऐसे लोग आर्थिक सुरक्षा और नियमित दिनचर्या को महत्व देते हैं। स्वामी ग्रह शुक्र जब इस भाव में मजबूत होते हैं तब वित्त, बैंकिंग, फैशन, हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में व्यक्ति सफलता पा सकता है। वहीं शुक्र की कमजोर अवस्था के कारण काम में आलस्य, सुख-सुविधाओं पर अधिक खर्च और सहकर्मियों के साथ मतभेद की स्थिति बन सकती है।

छठे भाव में मिथुन राशि

छठे भाव में मिथुन राशि होने पर व्यक्ति बातचीत, तर्क और बुद्धिमानी से समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश करता है। ऐसे जातक अपनी जिम्मेदारियों को संभालने में सक्षम होते हैं। स्वामी ग्रह बुध यदि इस भाव में मजबूत हो को व्यक्ति लेखन, शिक्षा, संवाद, अकाउंटिंग और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में सफलता पाता है। वहीं, बुध के कमजोर होने पर एकाग्रता की कमी आती है और व्यक्ति फैसलों को लेकर असमंजस की स्थिति में रहता है।

छठे भाव में कर्क राशि 

छठे भाव में कर्क राशि की मौजूदगी से व्यक्ति अपने काम और जिम्मेदारियों को पूरा करने में तत्परता दिखाता है। ऐसे लोग दूसरों की सहायता करने और कार्यस्थल पर सामंजस्य बनाए रखते हैं। स्वामी ग्रह चंद्रमा यदि इस भाव में मजबूत होते हैं तो व्यक्ति को चिकित्सा, नर्सिंग, शिक्षा, काउंसलिंग और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में सफलता मिल सकती हैं। वहीं कमजोर चंद्रमा काम में तनाव, भावनात्मक अस्थिरता और चिंता का कारण बन सकता है।

छठे भाव में सिंह राशि 

छठे भाव में सिंह राशि होने पर व्यक्ति कार्यक्षेत्र में नेतृत्व करना और अपनी अलग पहचान बनाता है। ये लोग प्रतिस्पर्धा से घबराने के बजाय चुनौतियों का सामना करते हैं। इस राशि के स्वामी ग्रह सूर्य की स्थिति यहां मजबूत होने पर सरकारी सेवा, प्रशासन, प्रबंधन और नेतृत्व से जुड़े पदों पर सफलता मिल सकती है। इसके विपरीत कमजोर सूर्य के कारण अहंकार और वरिष्ठ अधिकारियों से मतभेद की संभावना बढ़ सकती है।

छठे भाव में कन्या राशि

कुंडली के छठे भाव में कन्या राशि की उपस्थिति से व्यक्ति व्यवस्थित, मेहनती और बारीकियों पर ध्यान देने वाला होता है। ऐसे लोग अपनी दिनचर्या और काम को योजनाबद्ध तरीके से करते हैं। राशि के स्वामी ग्रह बुध जब इस भाव में मजबूत होते हैं तो चिकित्सा, रिसर्च, अकाउंटिंग, कानून और मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में सफलता मिलने की अधिक संभावना रहती है। लेकिन पीड़ित या कमजोर बुध की वजह से चिंता, परेशानी और फैसले लेने में कठिनाई हो सकती है।

छठे भाव में तुला राशि

छठे भाव में तुला राशि की मौजूदगी से व्यक्ति कार्यस्थल पर संतुलन और सहयोग बनाए रखता है। कुंडली में इस स्थिति से जातक विवादों को बातचीत और समझदारी से सुलझाता है। स्वामी ग्रह शुक्र जब इस भाव में मजबूत हो तो व्यक्ति को कानून, काउंसलिंग, पब्लिक रिलेशन, मानव संसाधन प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में अच्छे अवसर मिलते हैं। वहीं कमजोर शुक्र के कारण व्यक्ति में निर्णय लेने में कठिनाई हो सकती है। ऐसे लोग दूसरों को खुश रखने की कोशिश में अपनी जरूरतों को नजरअंदाज करते हैं।

छठे भाव में वृश्चिक राशि 

छठे भाव में वृश्चिक राशि की उपस्थिति व्यक्ति को मजबूत बनाती है। ऐसे लोग शोध, जांच-पड़ताल और गुप्त जानकारियां समझने के लिए तत्पर रहते हैं। स्वामी ग्रह जब इस भाव में मजबूत होते हैं तो व्यक्ति को पुलिस, सेना, चिकित्सा, सर्जरी, जांच और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में सफलता मिलने की अधिक संभावना रहती है। वहीं, मंगल  की कमजोर स्थिति होने पर गुस्सा, कार्यस्थल पर विवाद और प्रतिस्पर्धियों के कारण तनाव बढ़ सकता है।

छठे भाव में धनु राशि

जन्मकुंडली के छठे भाव में धनु राशि की उपस्थिति के कारण व्यक्ति के काम में नैतिकता, ज्ञान और सिद्धांत आते हैं। ऐसे लोगों में मदद करने की भावना होती है और समस्याओं का समाधान करने की कोशिश करते हैं। इस भाव में स्वामी ग्रह बृहस्पति यदि शुभ या मजबूत हो तो शिक्षा, कानून, सलाहकार, सामाजिक सेवा और आध्यात्मिक क्षेत्रों में अच्छे अवसर मिलते हैं। वहीं बृहस्पति के पीड़ित होने पर काम में अवास्तविक अपेक्षाएं, जिम्मेदारियों में लापरवाही और आर्थिक मामलों में गलत निर्णय हो सकते हैं।

छठे भाव में मकर राशि

छठे भाव में मकर राशि की उपस्थिति से व्यक्ति अनुशासित, मेहनती और जिम्मेदार बनता है। शनि का प्रभाव होने के कारण ऐसे लोग अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रयासरत रहते हैं और कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखते हैं। स्वामी ग्रह शनि की मजबूत स्थिति सरकारी सेवा, प्रशासन, प्रबंधन, कानून और कॉर्पोरेट क्षेत्र में सफलता दिला सकती है। वहीं कमजोर शनि के कारण काम का दबाव, जिम्मेदारियों का बोझ और सफलता मिलने में देरी हो सकती है।

छठे भाव में कुंभ राशि

छठे भाव में कुंभ राशि की उपस्थिति व्यक्ति को काम करने के तरीके में नया नजरिया और समस्याओं का सामधान ढूंढने में मदद करती है। ऐसे लोग टीमवर्क में काम करना पसंद करते हैं। स्वामी ग्रह शनि जब इस भाव में मजबूती से विराजमान होते हैं तब तकनीक, रिसर्च, सामाजिक सेवा और बड़े संगठनों में व्यक्ति को अच्छे अवसर मिलते हैं। दूसरी ओर यदि शनि कमजोर हो तो सहकर्मियों संग विवाद, काम में अनियमितता और जिम्मेदारियों को लेकर असंतोष पैदा हो सकता है।

छठे भाव में मीन राशि 

छठे भाव में मीन राशि की उपस्थिति व्यक्ति को संवेदनशील, दयालु और दूसरों की मदद करने वाला बनाती है। कुंडली के इस भाव में स्वामी ग्रह बृहस्पति जब मजबूत होते हैं तब व्यक्ति अपने ज्ञान, विवेक और समझदारी से कार्यक्षेत्र की चुनौतियों का सामना कर पाता है। लेकिन यदि बृहस्पति कमजोर हो तो काम में स्पष्टता की कमी, जिम्मेदारियों से बचने और दूसरों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने की प्रवृत्ति बढ़ सकती है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

Q. कुंडली में छठा भाव क्या है?

A. ज्योतिष में छठा भाव व्यक्ति को रोजमर्रा के काम, स्वास्थ्य, अनुशासन, सेवा, प्रतियोगिता, कर्ज, कानूनी मामले और जीवन की मुश्किलों से निपटने के लिए तैयार करता है। इसे सेवा का भाव भी कहा जाता है।

Q. कुंडली में छठा भाव अच्छा है या बुरा?

A. वैदिक ज्योतिष में छठे भाव न तो पूरी तरह से अच्छा बताया गया है और न ही बुरा। यह भाव चुनौतियों को दिखाता है, लेकिन उनसे निपटने की क्षमता भी प्रदान करता है।

Q. क्या छठा भाव करियर पर असर डालता है?

A. हां, कुंडली का छठा भाव करियर पर असर डालता है, क्योंकि यह आपके काम के माहौल, प्रोफेशनल अनुशासन, काम की जगह पर रिश्तों और जिम्मेदारियों को संभालने की क्षमता को प्रभावित करता है।

Q. क्या छठा भाव स्वास्थ्य पर असर डालता है?

A. हां, छठा भाव आमतौर पर सेहत और दिनचर्या से जुड़ा होता है, इसलिए इस प्रभाव सेहत का पड़ता है। हलाांकि किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले ज्योतिषी कुंडली का संपूर्ण विश्लेषण करते हैं।

Q. कुंडली का छठा भाव खाली हो तो क्या होगा?

A. छठे भाव का खाली होना किसी बड़ी समस्या या अशुभता का संकेत नहीं है। ज्योतिष के अनुसार कुंडली में कुल 12 भाव हैं जबकि ग्रह 9 हैं। इसलिए अधिकांश लोगों की कुंडली में कुछ भाव खाली होते हैं।

Q. छठे भाव से कौन-सा प्रोफेशन जुड़ा है? 

A. छठा भाव आमतौर पर मेडिकल, कानून, सरकारी सेवा, मैनेजमेंट, शिक्षा, सेना, मानव संसाधन प्रबंधन, वित्त और सोशल वर्क जैसे प्रोफेशन से जुड़ा होता है।