लोहड़ी की सही तिथि, पूजा मुहूर्त, महत्व और कथा

लोहड़ी भारत में मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों में एक है, जिसे खासतौर पर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और उत्तर भारत समेत अन्य क्षेत्रों में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाता है। लोहड़ी का लोकपर्व सूर्य के उत्तरायण होने, शीत ऋतु के समापन, नई फसल और कृषि समृद्धि से जुड़ा है। लोहड़ी पर्व में सूर्योस्त के बाद लोग पवित्र अग्नि (अलाव) जलाते हैं और उसमें तिल, गुड़, मूंगफली, रेवड़ी जैसी चीजें डालकर परिक्रमा करते हैं। हालांकि यह लोहड़ी पर्व का सामान्य परिचय है, यदि आप लोहड़ी की तिथि, महत्व, नियम, मुहूर्त, कथा आदि के बारे में विस्तार से जानना चाहते हैं तो पृष्ठ पर बने रहें।

लोहड़ी 2027 में कब है?

अधिकतर त्योहार एक विशिष्ट तिथि से जुड़ा होता है, ना कि ग्रैगोरियन कैलेंडर की तारीख से। यही कारण है कि हर साल पंचांग के अनुसार त्योहारों की तारीखें बदल जाती हैं। हालांकि लोहड़ी का त्योहार हर साल जनवरी के महीने में 13 या 14 जनवरी को मनाया जाता है। साल 2027 में लोहड़ी गुरुवार, 14 जनवरी को मनाई जाएगी। लोहड़ी का पर्व मकर संक्रांति से एक दिन पहले की पूर्व संध्या पर मनाया जाता है। मकर संक्रांति 2027 में 15 जनवरी को पड़ रही है, ऐसे में लोहड़ी के लिए 14 जनवरी की तिथि मान्य रहेगी।

लोहड़ी गुरुवार, 14 जनवरी 2027
सूर्यास्त (पूजा का समय) शाम 5:45 बजे से शुरू
प्रदोष काल शाम 5:45 से 8:27 बजे तक
संक्रांति क्षण रात 09:14 बजे

नोट- यह मुहूर्त नई दिल्ली के समयानुसार है। अलग-अलग शहरों में सूर्योदय और स्थानीय पंचांग के अनुसार समय में थोड़ा अंतर हो सकता है। ऐसे में लोहड़ी पर्व पर सूर्यास्त का समय, पूजा का समय और शुभ मुहूर्त जानने के लिए अपने शहर का आज का पंचांग देखें।

लोहड़ी क्यों मनाई जाती है?

लोहड़ी पौष महीने की आखिरी रात होती है, जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है। लोहड़ी शब्द की उत्पत्ति विभिन्न लोकमान्यताओं में अलग-अलग है। कुछ मान्यताओं में इसे तिल-गुड़ और अग्नि की परंपराओं से जोड़ा जाता है, कुछ में दुल्ला भट्टी की कथा से तो कुछ मान्यताओं में लोहड़ी का पर्व नृत्य करके और पारंपरिक खाद्य पदार्थ बांटकर मनाया जाता है। 

लोहड़ी पर्व का महत्व

लोहड़ी पर्व का महत्व मुख्य रूप से धार्मिक विश्वास, कृषि संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और सामुदायिक महत्व को बढ़ाने से जुड़ा है। आइए विस्तार से जानते हैं, इसके महत्व के बारे में-

अग्नि,प्रकाश और सकारात्मकता

लोहड़ी के त्योहार में शाम होते ही लोग एकजुट होने लगते हैं। सूर्यास्त के बाद अग्नि जलाई जाती है। इसके बाद अग्नि में रेवड़ी, मूंगफली, पॉपकॉर्न, गुड़ आदि जैसी चीजें अर्पित की जाती है और लोकगीत गाते हुए अग्नि की परिक्रमा भी करते हैं। लोहड़ी की अग्नि को प्रकाश, पवित्रता, ऊर्जा और सकारात्मकता से जोड़ा जाता है।

कृषि और समृद्धि

लोहड़ी का पर्व किसान और कृषि के महत्व को भी दर्शाता है। इस दिन लोग नई फसल को अग्नि में अर्पित करते हैं और फसलों की अच्छी पैदावार व सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इसलिए लोहड़ी को प्रकृति से मिलने वाले अन्न, ऊर्जा और संसाधनों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी माना जाता है।

नवविवाहित दंपतियों के लिए विशेष

कई पंजाबी परिवारों में विवाह के बाद की पहली लोहड़ी का उत्सव बहुत ही विशेष होता है। इस दिन नवविवाहित जोड़े को उपहार दिए जाते हैं। इसके अलावा घर में नए शिशु के जन्म पर भी पहली लोहड़ी धूमधाम से मनाने का महत्व है।

लोक-संस्कृति का महत्व

लोहड़ी का त्योहार सामाजिक एकता और लोक-संस्कृति की भावना को बढ़ाता है। इस पर्व में लोग एकजुट होते हैं, खुले स्थान पर जहां अग्नि जलाई जाती है, वहां एकत्रित होकर भांगड़ा करते हैं, लोकगीत गाते हैं और गिद्दा करते हैं। 

लोहड़ी की पूजा सामग्री

सूखी लकड़ी, उपले, गुड़, तिल, गजक, मूंगफली, पॉपकॉर्न, भेंट के लिए थाली, पानी की बाल्टी और थोड़ी रेत, नए कपड़े, मिठाई,  मुरमुरे, माचिस, कपूर, ढोल।

लोहड़ी की पूजा विधि

लकड़ी इकट्ठा करें

लोहड़ी पर शाम के समय अग्नि जलाई जाती है, जिसके लिए लकड़ियां इकट्ठा की जाती है। हालांकि आजकल इसकी व्यवस्था के लिए बहुत अधिक समय नहीं लगता। लेकिन पुराने समय में गांव और मोहल्ले के बच्चे लोहड़ी के कुछ दिन पहले से ही घर-घर जाकर गीत गाते हुए लकड़ियां, उपले, मिठाई और पैसे इकट्ठा किया करते थे।

भेंट की थाली

एक थाली में पहले से तिल, गुड़, रेवड़ी, गजक, पॉपकॉर्न, मूंगफली और मुरमुरे जैसी चीजों को एकत्रित कर लें। कुछ लोग नई रबी फसल की कटाई के बाद अन्न भी रखते हैं। लोहड़ी की अग्नि जलने के बाद इन चीजों को थोड़ा-थोड़ा अग्नि में डाला जाता है और फिर बचे हुए को प्रसाद के रूप में बांटा जाता है।

आग जलाएं

शाम में सूर्यास्त के बाद सभी लोगों के इकट्ठा होने के बाद लोहड़ी जलाई जाती है। आमतौर पर घर के सबसे बुजुर्ग सदस्य, माता पिता या नवविवाहिता आग जलाते हैं। इसके बाद हाथ जोड़कर अग्नि देव को प्रणाम किया जाता है और सूर्य देव का भी स्मरण किया जाता है। आग जलाने के बाद इसमें मुट्ठी भरकर तिल, पॉपकॉर्न गुड़ जैसी चीजें जालें। पंजाबी परिवार में आग में चीजें डालते समय 'ईशर आ' दलिद्दर जा, दलिद्दर दी जड़ चूल्हे पा' बोलने की परंपरा है। इसका अर्थ होता है- भगवान की बरकत आए, दरिद्रता जाए, उसकी जड़ आग में जाए।

अग्नि की परिक्रमा

लोहड़ी की अग्नि जलाने और चीजों को उसमें डालने के बाद लोग हाथ जोड़कर दक्षिणावर्ती में अग्नि की परिक्रमा करते हैं। परिक्रमा करते हुए अच्छी फसल, स्वास्थ्य, और पारिवारिक खुशहाली की कामना की जाती है। नवविवाहित जोड़ा साथ में परिक्रमा करते हैं और घर पर नवजात शिशु हो तो मां शिशु को गोद में लेकर परिक्रमा करती है।

गीत, नृत्य और प्रसाद वितरण

लोहड़ी का त्योहार तब तक अधूरा है, जब तक ढोल और भांगड़ा की धुन पर गिद्दा न हो और  सुंदर मुंदरिए गीत न गाया जाए। गीत गाने और नृत्य के बाद वहां मौजूद लोगों में प्रसाद बांटा जाता है। लोग बच्चों को मिठाई और पैसे भी देते हैं।

लोहड़ी से संबंधित चीजें और उनका अर्थ

लोहड़ी पंजाब का पारंपरिक लोकपर्व
अलाव खुले स्थान पर आग जलाना
अग्नि पवित्र अग्नि, जो लोहड़ी उत्सव का प्रमुख केंद्र है
तिल, गुड़, रेवड़ी और गजक पारंपरिक खाद्य और अग्नि में अपर्ण सामग्री
भांगड़ा पंजाब का प्रसिद्ध लोकप्रिय नृत्य
गिद्दा महिलाओं का पारंपरिक पंजाबी लोकगृत्य
दुल्ला भट्टी लोहड़ी पर्व और लोकगीतों को लोकगायक
माघ हिंदू कैलेंडर का एक मास (महीना)
फलस उत्सव नई फसल और कृषि उत्पादन से जुड़ा पर्व
पारंपरिक भोजन सरसों की साग, मक्के की रोटी, गुड़ और मक्खन

लोहड़ी पर्व में क्या करें और क्या नहीं

किसी भी त्योहार को मनाने के कुछ विशेष नियम होते हैं। इसलिए यह जान लीजिए कि इस दिन आपको क्या करना चाहिए और किन कामों से बचना चाहिए।

लोहड़ी में क्या करें

  • लोहड़ी के दिन सुबह उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें।
  • शाम के समय अच्छे से तैयार होकर लोगों के बीच जाएं। इस दिन पारंपरिक पोशाक ही पहनें।
  • आग जलाने के लिए खुले और सुरक्षित स्थान का चुनाव करें। अलाव किसी ऐसे स्थान पर जलाएं जहां सारे लोग एकजुट हो सकें।
  • आग में डालने के लिए पर्यावरण के अनुकूल चीजों का ही उपयोग करें।
  • लोहड़ी की पूजा और भांगड़ा सभी कार्यक्रम खत्म हो जाए तो जाने से पहले अग्नि को पानी और रेत की मदद से पूरी तरह से बुझा दें।

लोहड़ी में क्या ना करें

  • लोहड़ी की पवित्र अग्नि में प्लास्टिक, रबड़ या जहरीली सामग्री न डालें।
  • अग्नि के आसपास जाने से थोड़ी दूरी बनाएं और अव्यवस्था न होने दें। 
  • छोटे बच्चों को आग के पास जाने न दें और अकेला न छोड़ें। साथ ही बच्चों को सिंथेटिक या जल्दी आग की चपेट में आने वाले कपड़े न पहनाएं।
  • सांस या कोई गंभीर बीमारी हो तो धुएं से बचें।
  • अग्नि जलाने के लिए मिट्टी का तेल या टायर का इस्तेमाल न करें। 

लोहड़ी की कथा

लोहड़ी की कथा लोकनायक दुल्ला भट्टी से जुड़ी है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार,  दुल्ला भट्टी मुगलों के समय का एक बहादुर योद्धा था, जिन्होंने मुगलों के बढ़ते जुल्म के खिलाफ कदम उठाया और लड़कियों की रक्षा की। मुगल के समय में सांदल बार की जगह पर लड़कियों को गुलामी के लिए बलपूर्वक अगवा किया जाता था और अमीर लोगों में बेचा जाता था। गांव में दो बहनें थीं, जिनका नाम सुंदरी और मुंदरी था। दोनों की सगाई दूसरे गांव में तय होने वाली थी। 

लेकिन मुगल शासक के सौदागर जबरदस्ती उन्हें गुलामी के लिए कहीं और ले जाना चाहते थे। जब यह बात दुल्ला भट्टी को पता चली तो उसने दोनों बहनों को मुगल के चंगुल से छुड़वाया और जंगल में आग जालकर दोनों लड़कियों का विवाह संपन्न कराया। उसने खुद ही दोनों का कन्यादान भी किया। शगुन और विदाई के तौर पर उन्होंने उन्हे गुड़ और उपहार दिए।

दुल्ला भट्टी के इसी साहस और परोपकार की याद में हर साल लोहड़ी का पर्व मनाया जाता है और दुल्ला भट्टी की कहानी सुनाई जाती है। साथ ही लोहड़ी पर सुंदर मुंदरिए हो तेरा कौन विचारा हो..दुल्ला भट्टी वाला हो! गीत भी गाया जाता है, जो लोहड़ी पर्व का लोकगीत है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

लोहड़ी किसी वर्ष 13 जनवरी को और कभी 14 जनवरी को मनाई जाती है। जब सूर्य सूर्यास्त के बाद मकर राशि में प्रवेश करता है तो संक्रांति की गणना अगले दिन से मानी जाती है, जिस कारण लोहड़ी की तारीख एक दिन आगे हो जाती है।

नहीं, पंचांग के अनुसार 2028 में भी लोहड़ी 14 जनवरी और मकर संक्रांति 15 जनवरी को पड़ सकती है।

शास्त्रों में लोहड़ी की अग्नि जलाने के लिए कोई विशेष मुहूर्त नहीं है। लेकिन आमतौर पर शाम में सूर्यास्त के बाद लोहड़ी की अग्नि जलाई जाती है।

सूर्य का गोचर जब मकर राशि में होता है तो उसके एक दिन पहले लोहड़ी मनाई जाती है जबकि सूर्य जब मेष राशि में प्रवेश करते हैं जब बैसाखी मनाई जाती है।