छठ पूजा 2026 की तिथियां और महत्व

छठ पूजा चार दिवसीय हिंदू त्योहार है, जो भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की पूजा को समर्पित है। छठ महाव्रत मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ नेपाल के कुछ हिस्सों में भी मनाया जाने वाला सबसे बड़ा त्योहार है। लेकिन अब इस पर्व की लोकप्रियता दुनियाभर में फैल चुकी है। चार दिवसीय छठ पूजा में व्रतधारी को 36 घंटों का निर्जला व्रत रखना पड़ता है, जिस कारण इसे हिंदू धर्म का सबसे कठिन व्रत माना जाता है। छठ पूजा में कठोर व्रत, सामुदायिक एकत्रीकरण और कमर तक जल में खड़े होकर अर्घ्य देने की परंपरा है।

क्या आप छठ पूजा का अर्थ, छठ पूजा से जुड़े अनुष्ठानों का महत्व, इस त्योहार को मनाने के पीछे की कहानी और 2026 में यह किस तिथि में पड़ रही है, इन सभी के बारे में नहीं जानते हैं तो चिंता न करें। यहां आपको छठ पूजा के अनुष्ठानों के बारे में विस्तृत रूप से बताया जा रहा है।

छठ पूजा 2026: तिथि और मुहूर्त

छठ पूजा का महापर्व परंपरागत रूप से दीपावली के छह दिन बाद मनाया जाता है। यह अटूट आस्था, कृतज्ञता और पवित्रता का पर्व है। हिंदू पंचांग के अनुसार छठ पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से लेकर सप्तमी तिथि तक मनाई जाती है। इस वर्ष 2026 में छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर से हो रही है और यह 16 नवंबर तक चलेगी। चार दिवसीय छठ पर्व को नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के रूप में मनाया जाता है। आइए जानते हैं कि किस तिथि पर कौन सा दिन रहेगा और अर्घ्य-पूजा का मुहूर्त क्या है।

 

दिन

तारीख

तिथि

अनुष्ठान

पहला दिन

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

कार्तिक शुक्ल चतुर्थी

नहाय-खाय

दूसरा दिन

शनिवार, 14 नवंबर 2026

कार्तिक शुक्ल पंचमी

खरना

तीसरा दिन

रविवार, 15 नवंबर 2026

कार्तिक शुक्ल षष्ठी 

संध्या अर्घ्य

चौथा दिन

शनिवार, 16 नवंबर 2026

कार्तिक शुक्ल सप्तमी

उषा अर्घ्य और पारण

छठ पूजा क्या है?

छठ पूजा हिंदू धर्म के सबसे बड़े पारंपरिक त्योहारों में से एक है। यह पर्व विशेष रूप से सूर्य देव और छठी मैया (षष्ठी देवी) की पूजा पर केंद्रित है। प्राकृतिक तत्वों का उत्सव होने के कारण छठ पूजा को प्रकृति पर्व भी कहा जाता है। अन्य त्योहारों की तरह यह पर्व मूर्ति पूजा के बजाय इसमें घाटों, तालाबों और नदियों के किनारे एकत्रित होना, डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना और पांरपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भोजन करना आदि शामिल है।

छठ पूजा वर्ष में दो बार मनाया जाता है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार चैत्र और कार्तिक माह में छठ पर्व मनाया जाता है। चैत्र मास में पड़ने वाले छठ को चैती छठ कहा जाता है, जबकि कार्तिक मास की छठ पूजा अधिक प्रमुख मानी जाती है। छठ पूजा को सूर्य षष्ठी, छठी, छठ महापर्व, डाला छठ, कार्तिक छठ जैसे नामों से भी जाना जाता है।

अगर आप छठ पूजा के बारे में अंग्रेजी में पढ़ना चाहते हैं, तो Chhath Puja पर क्लिक करें
 

चार दिवसीय छठ पूजा 2026 का पूरा कैलेंडर

छठ एक दिन मनाया जाने वाला पर्व नहीं, बल्कि चार दिनों का महापर्व है। चार दिनों के पर्व में चार दिनों तक कठोर व्रत, सख्त नियम, खान-पान, आध्यात्मिक साधना और अनेक अनुष्ठान निभाए जाते हैं। आइए अब चार दिवसीय छठ महापर्व के प्रत्येक दिन के अनुष्ठान के बारे में विस्तार से जानते हैं।

पहला दिन: नहाय खाय

कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर छठ पर्व का पहला दिन होता है, जिसे नहाय खास के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष 13 नवंबर 2026 को नहाय के साथ छठ पूजा का आरंभ होगा। इस दिन मुख्य रूप से सात्विकता का पूर्ण पालन किया जाता है, घर को शुद्ध व पवित्र किया जाता है। नहाय-खाय से लेकर अगले तीन दिनों तक घर पर तामसिक और मांसाहारी भोजन वर्जित होता है।

दिन की शुरुआत स्नान करने से होती है। इसके बाद पूजा स्थल की सफाई की जाती है। प्रसाद के रूप में भोजन तैयार किया जाता है। इस दिन मुख्य रूप से कद्दू, चना दाल और अरवा चावल बनाने की परंपरा है। भोजन पकाने के लिए सेंधा नमक, शुद्ध घी और नए या पीतल के बर्तनों का प्रयोग किया जाता है। भोजन तैयार होने के बाद सबसे पहले इसे छठी मैया और सूर्य देव को अर्पित किया जाता है। इसके व्रतधारी भोजन ग्रहण करते हैं और फिर परिवार के बाकी सदस्य इसे प्रसाद स्वरूप ग्रहण करते हैं। 

दूसरा दिन: खरना या लोहंडा 

कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि छठ पर्व का दूसरा दिन होता है, जिसे खरना या लोहंडा के नाम से जाना जाता है। इस साल 14 नवंबर 2026 को छठ पर्व का दूसरा दिन होगा। इस दिन व्रतधारी उपवास रहते हैं और संध्याकाल में खरना करने की परंपरा है, जिसमें मुख्य रूप से खीर-पुरी का भोग तैयार होता है।

खरना के दौरान व्रतधारी गुड़ या दूध से बनी खीर, रोटी और केले का सेवन करती है। हालांकि यह पूरी तरह से पारिवारिक परंपराओं पर निर्भर करता है कि, आप खरना प्रसाद के रूप में क्या खाते या पकाते हैं। खरना प्रसाद को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर तैयार किया जाता है। हालांकि आधुनिक समय में मिट्टी का चूल्हा और लकड़ी पर प्रसाद बनाना संभव नहीं है, इसलिए लोग नए चूल्हे का उपयोग भी करते हैं।

खरना प्रसाद तैयार होने के बाद व्रती सबसे पहले इसे छठी मैया को अर्पित करती है। इसके बाद स्वयं खीर प्रसाद ग्रहण करती है, जिसे खरना कहा जाता है। इस दौरान शांति पूर्ण माहौल बनाए रखना होता है। इस प्रकार खरना की विधि अनुशासन, आत्मसंयम और एकाग्रता से जुड़ी होती है।

तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य 

कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को संध्या अर्घ्य का दिन होता है। इसे छठ पूजा का सबसे महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। संध्या अर्घ्य पर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। छठ पूजा के संध्याकालीन अनुष्ठान को संध्या अर्घ्य या अस्तलाचलगामी अर्घ्य भी कहा जाता है। छठ पर्व एकमात्र ऐसा अवसर होता है, जिसमें डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। तीसरे दिन व्रतधारी निर्जला उपवास रखकर सूर्य देव और छठी मैया का स्मरण करती है। पूजा के लिए बांस या पीतल के सूप में प्रसाद सजाया जाता है। सूप या टोकरी में मुख्य रूप से ठेकुआ, चावल और दूध का पकवान, पानी वाला नारियल, गन्ना, केला, शकरकंदी, सिंघाड़ा और डाभ नींबू जैसी अन्य चीजें रखी जाती हैं। इसके बाद इसमें दीपक रखा जाता है। 

शाम होते ही घर के लोग सूप या दौरा को सिर पर रखकर नदी, घाट या सरोवर तक ले जाते हैं। इसके बाद व्रतधारी जलस्रोत में कमर तक पानी में खड़े होकर हाथ में प्रसाद से भरा सूप लेकर डूबते हुए सूर्य देवता को दूध और जल मिलाकर अर्घ्य देते हैं और तीन बार परिक्रमा करते हैं। अर्घ्य देते हुए परिवार के सदस्य प्रार्थना करते हैं और भक्ति गीत गाते हैं। यदि आसपास नदी-तालाब न हो तो लोग घर पर ही टब या ईंटों की सहायता से एक कुंड बनाकर उसमें प्लास्टिक की शीट बिछाकर पानी भरकर भी अर्घ्य दे सकते हैं। आजकल कई लोग छठ पूजा पर अर्घ्य देने के लिए पोर्टेबल स्विमिंग पूल का भी इस्तेमाल करने लगे हैं।

चौथा दिन: ऊषा अर्घ्य

कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को छठ पर्व का अंतिम दिन होता है, जिसे ऊषा अर्घ्य के नाम से जाता है। इसमें उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। ऊषा अर्घ्य को उदयागामी अर्घ्य के नाम से भी जाना जाता है। सूर्योदय से पहले ही भक्त एक बार फिर ताजे फलों, ठेकुआ और नए अंकुरों से भरे सजाए हुए बांस के पात्र को सिर पर उठाते हैं और नदी-घाट की तरफ चल पड़ते हैं। उसी प्रक्रिया का पालन करते हुए कमर का जलस्रोत में खड़े होकर उगते हुए सूर्य देवता को अर्घ्य देते हैं। 

छठ पर्व में डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा इस बात का प्रतीक है कि, हर अंधकारमय काल के बाद प्रकाशमय काल जरूर आता है। 

छठ व्रत का पारण

उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाता है। इसके बाद व्रतधारी छठ पूजा का प्रसाद ठेकुआ खाकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन करते हैं। लेकिन भक्ति-भाव का माहौल अब भी बना रहता है। परिवार की सुहागिन महिलाएं एक दूसरे को नाक से लेकर माथे तक नारंगी सिंदूर लगाती हैं और छठ मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और आस-पड़ोस में भी प्रसाद का वितरण किया जाता है। 

घर पर सात्विक भोजन तैयार किया जाता है, जिसमें मुख्य रूप से चावल, दाल, 5 प्रकार की सब्जियां, साग आदि शामिल होते हैं। सबसे पहले व्रतधारी भोजन ग्रहण करती है और फिर घर के बाकी सदस्य इसे खाते हैं। इस प्रकार छठ पर्व का समापन हो जाता है।

छठ पूजा सामग्री सूची

छठ पूजा की सामग्रियां अलग-अलग क्षेत्रों और पारिवारिक परंपरा के अनुसार भिन्न हो सकती हैं। यहां आपको छठ पूजा से जुड़ी कुछ जरूरी सामग्रियों के बारे में बताया जा रहा है, जिनकी खरीदारी आप कर सकते हैं।

  • बांस का सूप या टोकरी
  • पीतल का सूप या टोकरी
  • मिट्टी का दीपक
  • घी या तेल
  • कपास की बत्तियां
  • फूल
  • कुमकुम
  • चावल
  • कलश
  • धूप
  • गन्ना
  • केले
  • पानी वाला नारियल
  • सेब
  • संतरा
  • पत्ते वाले अदरक
  • पत्ते वाले गाजर
  • पत्ते वाली कच्ची हल्दी 
  • नारंगी सिंदूर
  • प्रसाद सामग्री
  • गेहूं का आटा
  • गुड़
  • अरवा चावल
  • दूध
  • घी
  • मेवे
  • साफ कपड़ा

छठ पूजा क्यों मनाई जाती है? 

छठ पूजा मनाने के कई कारण हैं। छठी मैया की अराधना, सूर्य देवता की उपासना से लेकर यह पर्व कृतज्ञता और भक्ति व्यक्त करने के साथ ही सामुदायिक मिलन तक के लिए प्रसिद्ध है। जानें इस पर्व को मनाने से जुड़े कुछ मुख्य कारणों के बारे में:

सूर्य देवता की उपासना

छठ पूजा में सूर्य देव की उपासना सबसे प्रमुख मानी जाती है। सूर्य प्रकाश और ऊर्जा का स्रोत होने के साथ-साथ स्वास्थ्य और आरोग्यता का भी देवता है। छठ पूजा में भक्त सूर्य देव की पूजा उदय और अस्त दोनों अवस्था में करते हैं, जो जीवन के चक्रीय स्वरूप को दर्शाता है। यह हमें सिखाता है कि जीवन उतार-चढ़ाव, सुख और दुख का मिश्रण होता है। यह दर्शाता है कि जब तक आप सूर्यास्त (कठिनाई) नहीं देख लेते, तब तक आप सूर्योदय (सफलता) का महत्व नहीं समझ सकते। 

छठी मैया की पूजा

छठ पूजा मनाने का एक अन्य महत्वपूर्ण कारण है छठी मैया की पूजा। छठी मैया को षष्ठी देवी के नाम से जाना जाता है,जो देवी दुर्गा का छठा स्वरूप देवी कात्यायनी हैं। जिन दंपतियों को संतान प्राप्ति में कठिनाई होती है, जो माता-पिता अपने संतान की सुरक्षा चाहते हैं या जो परिवार दीर्घकालिक सद्भाव की कामना करते हैं, वे षष्ठी मैया की प्रार्थना करते हैं। 

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता

छठ पूजा को प्रकृति का पर्व भी कहा जाता है। क्योंकि इसमें भक्त प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। यह पंचतत्व के नाम से जाने जाने वाले प्रकृति के पांच तत्वों का उत्सव है, जिसमें मुख्य रूप से अग्नि और जल पर विशेष ध्यान दिया जाता है। भक्त जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना करते हैं और प्राकृतिक तत्वों के महत्व को समझते हैं। 

अनुशासन और समर्पण का निर्माण करता है

छठ पर्व भक्तों में शारीरिक और मानसिक अनुशासन के साथ ही भक्ति का संचार भी करता है। इस व्रत में 36 घंटे तक कठोर निर्जला व्रत रखना होता है, जिससे शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं और पाचन तंत्र पुनः सक्रिय हो जाता है। इसके अलावा व्रत के दौरान मौन, संयम और एकांत भाव मन को शांत करने और मानसिक शक्ति बढ़ाने में सहायक होता है। इस प्रकार छठ केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं है, बल्कि यह शरीर और मन की नई शुरुआत का पर्व भी है। 

सामुदायिक भागीदारी

छठ ऐसा पर्व है, जिसमें परिवार, रिश्तेदार और आस-पड़ोस के लोग भी सूर्य देवता को अर्घ्य देने और प्रसाद ग्रहण करने के लिए एक साथ आते हैं। एक साथ मिलकर प्रसाद तैयार करने से लेकर नदी-घाटों पर जाने, भजन-गीत गाने और सामूहिक प्रार्थना के कारण यह पर्व सामुदायिक भागीदारी को दर्शाता है। 

छठ पूजा की कथा-कहानी और इतिहास

छठ पर्व मनाने के पीछे कई कथा-कहानियां प्रसिद्ध हैं। छठ पर्व के इतिहास की बात करें तो इसके मनाने के कारण पीछे कोई एक कहानी नहीं, बल्कि यह हिंदू महाकाव्यों और प्राचीन पुराणों में वर्णित कई कथाओं से उत्पन्न हुआ है। आइए जानते हैं छठ पूजा से जुड़ी कुछ प्रचलित कहानियों के बारे में।

राजा प्रियव्रत और छठी मैया की कथा 

ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार, प्राचीन समय में राजा प्रियव्रत और रानी मालिनी नामक एक दंपति थे। उनके पास धन-संपत्ति का कोई अभाव नहीं था, लेकिन संतान प्राप्ति में कठिनाई के कारण वे दुखी रहते थे। संतान प्राप्ति की कामना से उन्होंने  ऋषि कश्यप के मार्गदर्शन में पुत्रेष्ठि यज्ञ का धार्मिक अनुष्ठान कराया, जिसके प्रभाव से रानी गर्भवती हुई। लेकिन गर्भ से मृत बच्चे का जन्म हुआ। राजा पहले से भी अधिक दुखी हो गया। मृत पुत्र का अंतिम संस्कार करने के बाद राजा ने स्वयं का जीवन त्यागने का निर्णय लिया। राजा ने जब इसका प्रयास किया तो, उसी समय एक प्रकाश की किरण से देवी प्रकट हुई।

देवी ने कहा, मैं ब्रह्मा की मानस पुत्री षष्ठी देवी (छठी मैया) हूँ। मैं सब बालकों की रक्षा करती हूं और नि:संतानों को संतान प्राप्ति का आशीर्वाद देती हूं। उन्होंने राजा से कहा कि, यदि तुम मेरी पूजा करोगे और अन्य लोगों को भी मेरी पूजा के लिए प्रेरित करोगे तो मैं तुम्हें पुत्र रत्न प्रदान करूंगी। देवी की बातों से प्रभावित होकर राजा ने उनकी आज्ञा का पालन किया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि  पर राजा और रानी दोनों ने विधि-विधान से व्रत रखा और देवी षष्ठी की पूजा की। पूजा के फलस्वरूप उन्हें एक सुंदर और स्वस्थ पुत्र की प्राप्ति हुई। तभी से छठ पर्व की शुरुआत मानी जाती है

कर्ण और सूर्य देव की कहानी

माना जाता है कि, महाभारत के कर्ण ने ही सबसे पहले सूर्य देव की पूजा की शुरुआत की। कर्ण को सूर्यपुत्र के नाम से भी जाना जाता है। कर्ण नियमित कमर तक जल में खड़े होकर सूर्य देव की उपासना करते थे। साथ ही अनुशासित जीवन शैली का पालन भी करते थे। कर्ण की भक्ति से प्रभावित होकर सूर्य देव ने कर्ण को आशीर्वाद के रूप में कवच और कुंडल प्रदान किए। 

द्रौपदी और पांडवों की कथा

पौराणिक कथा के अनुसार, जब पांडवों ने जुए में अपना सारा राजपाठ खो दिया, तब वे राजमहल छोड़कर वनवास में जाकर रहने लगे। इस दौरान उन्हें भोजन, पानी और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। तब द्रौपदी ने सूर्य देव से प्रार्थना करने का निश्चय किया। द्रौपदी ने छठ व्रत रखा और सभी रीति-रिवाजों का पालन किया। व्रत के प्रभाव से पांडवों को राजा-राजपाट फिर से वापस मिल गया। 

रामायण की कहानी 

रामायण काल ​​में, जब भगवान राम ने रावण का वध किया तो, उन पर ब्राह्मण वध का श्राप लगा। इस श्राप से मुक्ति के लिए ऋषियों ने उन्हें सूर्य देव की उपासना करने का उपाय बताया। तब राम और सीता दोनों ने उपवास रखा और सभी अनुष्ठानों का पूर्णतया पालन किया। कार्तिक शुक्ल पक्ष के समय नदी में कमर तक पानी में खड़े रहकर उन्होंने सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। व्रत के बाद उन्हें पाप से मुक्ति मिली और राज्य में सुख-समृद्धि लौट आई।

नहीं, भाई दूज का त्योहार विवाहित और अविवाहित सभी बहनें मना सकती हैं। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और स्नेह से जुड़ा पर्व है। इसका विवाह या अविवाह से संबंध नहीं है।

दोनों ही पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह से जुड़ा है। लेकिन रक्षाबंधन श्रावण मास में मनाया जाता है और इसमें बहन भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधती है। वहीं भाई दूज कार्तिक मास में मनाया जाने वाला पर्व है। इसमें बहन भाई के माथे पर तिलक लगाती है।

हां, मुख्य रूप से कार्तिक मास में भाई दूज मनाया जाता है, जो काफी प्रसिद्ध है। वहीं कुछ समुदायों में होली के बाद चैत्र कृष्ण द्वितीया को भाई दूज मनाया जाता है, जिसे होली भाई दूज कहा जाता है।

"गंगा पूजे यमुना को, यमी पूजे यमराज को। सुभद्रा पूजे कृष्ण को, गंगा यमुना नीर बहे, मेरे भाई आप बढ़ें-फूले-फलें।"