कुंडली में तुला लग्न (Libra Ascendant)
तुला क्षितिज पर उदित होने वाला सातवां लग्न है। इसके ग्रह स्वामी (लग्नेश) शुक्र हैं। तुला राशि के प्रतीक को एक आदमी द्वारा तराजू के बीच बने संतुलन को दर्शाते हुए चित्रित किया गया है। कालपुरुष के शरीर में तुला लग्न (Libra Ascendant) का अधिकार नाभि के निचले भाग, कमर, पेट के निचले हिस्से और जननांगों के क्षेत्र पर माना गया है। तुला राशिचक्र की सातवीं राशि होती है। शुक्र ग्रह का प्रभाव होने के कारण तुला लग्न वाले आकर्षक, सौंदर्यप्रिय और शौकीन प्रवृत्ति के होते हैं। तुला लग्न वाले शांत, संतुलित और कलाप्रेमी होते हैं। तुला लग्न के बारे में विस्तार से जानने के लिए आगे पढ़ते रहें। यहां आप तुला लग्न की विशेषता, कमियां, चुनौतियां, तुला लग्न में ग्रहों का प्रभाव और फल, महादशा का फल और धन योग आदि के बारे में जानेंगे।
तुला लग्न क्या होता है?
ज्योतिष के अनुसार,जब किसी व्यक्ति के जन्म के समय पूर्व दिशा में तुला राशि उदित होती है, तो इसे ‘तुला लग्न’ कहा जाता है। यदि किसी जातक के जन्म के समय जन्मकुंडली के प्रथम भाव में 7 अंक लिखा है तो, इसका अर्थ यह है कि उसकी कुंडली तुला लग्न की है। इसे प्रथम लग्न के तौर पर भी जाना जाता है, जिसके स्वामी ग्रह शुक्र हैं। तुला लग्न के अंतर्गत चित्रा नक्षत्र, स्वाति नक्षत्र और विशाखा नक्षत्र आते हैं।
|
लग्न स्वामी: शुक्र |
लग्न तत्व: वायु |
लग्न चिह्न: तराजू |
|
लग्न स्वरूप: चर |
लग्न स्वभाव: क्रूर |
लग्न उदय: पश्चिम |
|
लग्न गुण: रजोगुण |
जीवन रत्न: हीरा |
अराध्य: माता लक्ष्मी |
|
लग्न धातु: त्रिधातु |
अनुकूल रंग: सफेद |
लग्न जाति: शूद्र |
|
शुभ दिन: शुक्रवार |
शुभ अंक: 6 |
जातक विशेषता: खोजी प्रवृत्ति |
|
मित्र लग्न: मिथुन, कुंभ |
शत्रु लग्न: सिंह |
लग्न लिंग: पुरुष |
तुला लग्न की मुख्य विशेषताएं
व्यक्तित्व और स्वभाव
तुला लग्न वाले जातक स्वभाव में सुंदर, न्यायप्रिय, मिलनसार और संतुलित होते हैं। व्यक्तित्व की बात करें तो, ये कद-काठी में मध्यम, चमकदार चेहरा और सुंदर होते हैं। तुला लग्न वाले महंगी चीजों के शौकीन होते हैं।
तत्व
तुला लग्न वायु तत्व वाले होते हैं। वायु तत्व को जीवन, गति और संचार का प्रतीक माना जाता है। वायु तत्व होने के कारण ये जातक तार्किक, स्वतंत्र विचार और संचार में निपुण होते हैं।
कारक ग्रह
शनि, शुक्र और बुध तुला लग्न के लिए योगकारक (शुभ) ग्रह माने जाते हैं। गुरु (बृहस्पति), मंगल और सूर्य मारक ग्रह होते हैं। वहीं चंद्रमा को सम ग्रह माना गया है।
शुभ योग
तुला लग्न में शनि और शुक्र का संबंध शुभ योग बनाता है। बुध और शनि की युति से भी प्रबल राजयोग बनता है। वहीं बुध और चंद्रमा का योग सफलता दिलाता है।
रत्न
तुला लग्न वाले जातकों का भाग्यशाली रत्न हीरा है। यह रत्न शुक्र ग्रह का प्रतिनिधित्व करता है। इसे पहनने से जीवन में सुख, सौंदर्य, ऐश्वर्य और प्रेम बढ़ता है। हालांकि, बिना ज्योतिषीय सलाह के रत्न धारण न करें। रत्न संबंधी जानकारी के लिए आप ज्योतिषी से फ्री चैट या कॉल कर सकते हैं।
तुला लग्न की कमियां और चुनौतियां
व्यावहारिक कमियां
तुला राशि का स्वभाव संतुलित और मिलनसार होता है। लेकिन व्यवहारिक कमी की बात करें तो अतिरिक्त भावुकता, मूडी स्वभाव, दिखावा, निर्णय लेने में दुविधा, तानाशाह रवैया, आध्यात्मिकता से दूरी और विलासिता के लिए अधिक खर्च की आदत कई बार इनके लिए नुकसानदायक साबित हो जाती है।
स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं
तुला लग्न वाले जातक मुख्य रूप से वात और मूत्र प्रणाली से जुड़ी सेहत संबंधी समस्याओं से अधिक परेशान रह सकते हैं। इन्हें कमर दर्द, पीठ दर्द, किडनी या मूत्र संबंधी समस्या, वात रोग, शुगर, बीपी, मानसिक तनाव और अनिद्रा की समस्या रहती है।
करियर में आने वाली चुनौतियां
तुला लग्न वालों को करियर के शुरुआती दौर में अधिक संघर्ष करना पड़ता है, क्योंकि भाग्योदय में देरी होती है। कार्य में अस्थिरता, जरूरत से ज्यादा दूसरों की मदद करना, फिजूलखर्ची और दिखावे की आदत तुला लग्न के करियर में मुख्य परेशानी का कारण बनती है।
तुला लग्न में ग्रहों का प्रभाव और फल
तुला लग्न में सूर्य का प्रभाव और फल
तुला लग्न में सूर्य एकादश भाव के स्वामी हैं। इस राशि में सूर्य नीच के माने जाते हैं और लग्नेश शुक्र के साथ भी सूर्य की नैसर्गिक शत्रुता है। इसलिए तुला लग्न में सूर्य मारक ग्रह है और शुभ नहीं माना जाता है। सूर्य के कारण आत्मविश्वास में कमी, पिता संग वैचारिक मतभेद जैसी समस्याएँ रहती हैं। हालांकि कुछ आर्थिक लाभ भी होते हैं।
तुला लग्न में चंद्रमा का प्रभाव और फल
तुला लग्न के लिए चंद्रमा न तो पूर्ण मारक हैं और ना नैसर्गिक, इसलिए चंद्रमा का प्रभाव भावों के अनुसार शुभ या अशुभ पड़ता है। पहले भाव में चंद्रमा के होने पर जातक के मन को अस्थिरता रहती है, दूसरे भाव में आर्थिक तंगी और दशम भाव में स्वराशि में हो तो जातक कला, संगीत, फैशन आदि क्षेत्रों में सफलता पाता है।
तुला लग्न में मंगल का प्रभाव और फल
तुला लग्न में मंगल द्वितीय और सप्तम भाव का स्वामी होता है। ये दोनों भाव मारक (अशुभ) होते हैं। इसलिए तुला लग्न में आमतौर पर मंगल का फल शुभ नहीं माना जाता है। मंगल के प्रभाव में तुला लग्न वालों का स्वभाव आक्रामक, जिद्दी और क्रोधी हो सकता है।
तुला लग्न में बुध का प्रभाव और फल
लग्नेश शुक्र और बुध के बीच मित्रता होने के कारण तुला लग्न के लिए बुध योगकारक होता है। बुध जातक को बुद्धिमान, चतुर और भाग्यशाली बनाता है। साथ ही व्यापार और संचार में लाभ होता है। विशेषकर लग्न, चतुर्थ और नवम भाव में बुध का प्रभाव अतिशुभ होता है।
तुला लग्न में गुरु का प्रभाव और फल
तुला लग्न में गुरु तीसरे और छठे भाव का स्वामी होकर अकारक ग्रह माना जाता है। त्रिकोणेतर भाव में गुरु इस लग्न वालों को सामान्यत: शुभ फल प्रदान नहीं करते हैं। अशुभ गुरु के कारण शारीरिक कमजोरी, मोटापा, लीवर की समस्या, भूमि-भवन के कार्य में बाधा , संतान प्राप्ति में विलंब और शेयर बाजार में नुकसान की आशंका बढ़ सकती है।
तुला लग्न में शुक्र का प्रभाव और फल
तुला लग्न की कुंडली में लग्नेश शुक्र की अहम भूमिका होती है और ये शुभ योगकारक माने जाते हैं। लग्न भाव में शुक्र के प्रभाव के कारण जातक दीर्घायु, सौंदर्यवान और मिलनसार बनता है। वहीं कुंडली के चतुर्थ, पंचम, नवम और दशम भाव में शुक्र के शुभ फल से जातक को उच्च पद और राजसी सुख मिलता है।
तुला लग्न में शनि का प्रभाव और फल
चतुर्थेश और पंचमेश शनि को तुला लग्न की कुंडली में योगकारक ग्रह माना जाता है। कुंडली के पहले भाव में शनि शश महापुरुष योग बनाता है, चतुर्थ और पंचम भाव में माता, वाहन, भूमि-भवन का सुख देता है, एकादश भाव में आय में वृद्धि होती है। वहीं सप्तम भाव में शनि हो तो इससे वैवाहिक जीवन में परेशानी हो सकती है।
तुला लग्न में राहु का प्रभाव और फल
मायावी ग्रह राहु का प्रभाव तुला लग्न के जातकों पर कैसा पड़ेगा, यह कुंडली में राहु की स्थिति, बल और अन्य ग्रहों के साथ संबंध पर निर्भर करता है। शुक्र के साथ राहु का मित्रता संबंध तुला लग्न वाले जातकों को शुभ फल दे सकता है बशर्ते राहु पहले, चौथे, पांचवे, नौवें भाव में हों। वहीं अन्य बावों में राहु मारक या अशुभ फल दे सकता है।
तुला लग्न में केतु का प्रभाव और फल
छाया ग्रह केतु का प्रभाव तुला लग्न वाले जातकों के जीवन में आध्यत्म, महत्वकांक्षा और रिश्तों में अलग की स्थिति को बढ़ा सकता है। कमजोर या पीड़ित केतु मूत्र रोग, जोड़ों का दर्द और मानसिक बैचेनी की समस्या देता है। वहीं अनुकूल स्थिति में जातक को बुद्धिमान और तेजस्वी भी बनाता है।
तुला लग्न में महादशा का फल
सूर्य महादशा: तुला लग्न के लिए सूर्य को कम शुभ फल देने वाला ग्रह माना जाता है। सूर्य निर्बल हो या पाप ग्रहों से प्रभावित हो तो बड़े भाई को कष्ट और माता को कष्ट हो सकता है। सूर्य महादशा बलवान हो तो मान-सम्मान बढ़ाती है और भाग्य चमकाती है।
चंद्रमा की महादशा: चंद्रमा अगर केंद्र-त्रिकोण जैसे शुभ भावों में हों तो तुला लग्न वालों को चंद्र महादशा की अवधि में भी शुभ फल मिलते हैं। वहीं त्रिक भाव (6,8,12) में हों तो मानसिक व शारीरिक कष्ट बढ़ता है।
मंगल महादशा: तुला लग्न में जब मंगल की महादशा चलती है, तब मानसिक तनाव, रक्तचाप और पारिवारिक कलह-क्लेश में वृद्धि होती है। खासकर मंगल जब द्वितीय और सप्तम भाव में होता है तो तुला लग्न के लिए प्रबल मारक होता है।
बुध की महादशा: तुला लग्न में बुध नवम और द्वादश भाव के स्वामी होकर शुभ फल देते हैं। बुध की महादशा बुद्धि विकसित करती है, जिससे जातक व्यापार में तरक्की करता है, उच्च शिक्षा प्राप्त करता है और तेजी से भाग्योदय होता है।
गुरु महादशा: तुला लग्न के लिए गुरु महादशा का फल अशुभ माना जाता है। महादशा की अवधि में गुरु स्वास्थ्य समस्याएं, आर्थिक तंगी और संघर्ष को बढ़ाता है। इस दौरान बनते कार्यों में भी बाधा आ सकती है।
शुक्र महादशा: लग्नेश शुक्र की महादशा का फल तुला लग्न वालों को धन का लाभ करा सकता है। इस समय भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होती है, दांपत्य जीवन में प्रेम, समाज में मान-सम्मान और कला में रुचि बढ़ती है।
शनि की महादशा: तुला लग्न के लिए शनि महादशा का फल सामान्यतः शुभ और योगकारक होता है। केंद्र-त्रिकोण के स्वामी होकर शनि तुला लग्न की कुंडली में राजयोग का निर्माण करते हैं।
राहु-केतु की महादशा: राहु और केतु की महादशा का फल कुंडली में इन ग्रहों की स्थिति और युति पर निर्भर करता है। ये ग्रह शुभ स्थान पर हों तो अचानक धन लाभ और यात्रा के योग बनते हैं।
तुला लग्न में विशेष धन योग
तुला लग्न के धनप्रदाता मंगल है। मंगल की शुभ स्थिति से इन्हें बड़ा आर्थिक लाभ होता है और साथ ही आय के नए-नए स्रोत भी बनते हैं। इसके अलावा शुक्र, शनि और बुध की अनुकूल स्थिति भी धन-वैभव का लाभ कराती है। बुध और शुक्र की युति शुभ मानी जाती है। चंद्र, बुध और शनि की युति राजयोग कारक होती है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
Q: तुला लग्न के लिए मारकेश ग्रह कौन-सा होता है?
A: मंगल ग्रह को तुला लग्न के लिए मुख्य मारकेश माना जाता है। यह द्वितीय और सप्तम भाव का स्वामी होता है।
Q: तुला लग्न के इष्ट देव कौन हैं?
A: तुला लग्न के इष्टदेव भगवान शिव और शनि देव माने जाते हैं।
Q: तुला लग्न में जन्मे लोग कैसे होते हैं?
A: तुला लग्न में जन्मे लोग आकर्षक, संतुलित और सौंदर्यप्रेमी होते हैं।
Q: सबसे अच्छा लग्न कौन-सा होता है?
A: सर्वत्र रूप से किसी लग्न को सबसे अच्छा नहीं माना जाता। लेकिन ज्योतिष गणनाओं में वृष, तुला और कर्क को सबसे योगकारक लग्न माना जाता है।