सफला एकादशी 2027 तिथि, कथा और महत्व
पौष मास के कृष्ण पक्ष की सफला एकादशी को महत्वपूर्ण एकादशियों में एक माना जाता है। सफला एकादशी का संबंध सफलता से जुड़ा होता है, ऐसी मान्यता है कि इस एकादशी पर किए व्रत-पूजन से भक्तों के सारे काम सफल होते हैं। इस एकादशी पर भगवान अच्युत की पूजा का विधान है, जो भगवान विष्णु और उनके अवतार श्रीकृष्ण का ही एक प्रमुख नाम है। यदि आप सफला एकादशी व्रत से जुड़ी तिथि, व्रत विधि, मुहूर्त, महत्व, कथा आदि के बारे में सविस्तार जानना चाहते हैं तो यह पूरा पृष्ठ जरूर पढ़ें।
सफला एकादशी व्रत क्या है?
सफला एकादशी वर्ष की सबसे फलदायी और सफलता दिलाने वाली एकादशी है, इस व्रत को आध्यात्मिक उत्थान, मानसिक शांति, पाप कर्मों के क्षय और उन्नति का विशेष अवसर माना जाता है। सफला का अर्थ होता है 'सफल' या फलदायी, नाम की तरह ही सफला एकादशी को रुके हुए कार्यों को गति प्रदान करने, भाग्योदय और भगवान विष्णु का आशीर्वाद पाने के लिए उत्तम माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस व्रत से साधक को शुभ फल मिलते हैं और मरणोपरांत मोक्ष की प्राप्ति होती है। सफला एकादशी की व्रत कथा के अनुसार, इस एकादशी व्रत के पुण्य फल से ही महापापी लुम्पक के सारे पापकर्म नष्ट हुए थे, जिसके बाद उसने राज्य का सुख भोगा और मृत्यु के उत्तम गति को प्राप्त हुआ।
सफला एकादशी 2027: तिथि और मुहूर्त
यदि आप यह जानना चाहते हैं कि सफला एकादशी 2027 में किस दिन पड़ रही है तो और पूजा के लिए शुभ मुहूर्त क्या रहेगा तो नीचे तालिका में इसकी संपूर्ण जानकारी दी गई है।
|
पर्व की जानकारी |
तिथि और मुहूर्त |
|
सफला एकादशी |
रविवार, 3 जनवरी 2027 |
|
पौष कृष्ण पक्ष एकादशी तिथि आरंभ |
2 जनवरी 2027, दोपहर 2 बजकर 24 मिनट |
|
पौष कृष्ण पक्ष एकादशी तिथि समाप्त |
3 जनवरी 2027, शाम 4 बजकर 9 मिनट |
|
सफला एकादशी पारण का समय |
4 जनवरी 2027, सुबह 7:14 से 9:18 बजे तक |
नोट: उपर्युक्त तालिका में बताया गया मुहूर्त नई दिल्ली के समयानुसार है। आप अपने शहर के अनुसार मुहूर्त जानने के लिए आज का पंचांग देख सकते हैं।
सफला एकादशी व्रत का धार्मिक महत्व
1. कार्य में सफलता- धार्मिक मान्यता है कि पौष मास की सफला एकादशी के व्रत से साधक को जीवन में सुख-समृद्धि मिलती है और उसे हर कार्य में सफलता मिलती है। साथ ही इस तिथि पर व्रत-पूजन करने से रुके हुए कार्य पूरे होने का मार्ग प्रशस्त होता है।
2. पापों से मुक्ति- पद्म पुराण और ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार, सफला एकादशी का व्रत करने से व्यक्ति के जन्म-जन्मांतर पापों का क्षय होता है और और उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं।
3. हजारों यज्ञों के समान पुण्य- भगवान श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर को सफला एकादशी की महिमा बताते हुए कहा था कि पौष कृष्ण पक्ष की एकादशी का व्रत हजार वर्षों की तपस्या और अनेक यज्ञों के समान पुण्य फल प्रदान करता है।
4. सफलता प्राप्ति के लिए शुभ- जो लोग लगातार मेहनत और अथक प्रयास करने के बाद भी किसी कारण अपने कार्यों में सफलता नहीं पाते, उनके लिए सफला एकादशी का व्रत विशेष फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इससे बाधाएं दूर होती हैं।
5. सुख-समृद्धि और खुशहाली- सफला एकादशी का व्रत सिर्फ धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि जीवन में सुख-समृद्धि और संतुलन बनाए रखने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यह व्रत सेहत, संपत्ति, करियर और पारिवारिक रिश्तों में सफलता दिलाता है।
6. दान-पुण्य और भक्ति का महत्व- सफला एकादशी के पावन इस दिन पर भगवान विष्णु की पूजा और व्रत के साथ ही गरीब व जरूरतमंदों को दान देना भी शुभ माना जाता है। इसके अलावा ध्यान, मंत्र जाप और रात्रि जागरण करने से व्रत का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है। इस प्रकार यह व्रत दान-पुण्य और भक्ति के महत्व को बढ़ावा देता है।
सफला एकादशी व्रत विधि
सफला एकादशी व्रत रखने के लिए इसकी संपूर्ण विधि के बारे में जान लें, इससे व्रत के दौरान गलतियां होने की संभावना कम रहेंगी और व्रत विधिपूर्वक संपन्न होगा। जानें सफला एकादशी व्रत की सरल और पारंपरिक विधि।
1. व्रत की तैयारी (2 जनवरी 2027)
सात्विकता का पालन- एकादशी व्रत की तैयारी एक दिन पूर्व यानी दशमी तिथि से ही शुरू हो जाती है। इस दिन व्रतधारी को सुबह उठकर स्नान-पूजन करना चाहिए और सात्विकता का पालन करना चाहिए। इस दिन लहसुन-प्याज युक्त भोजन या मांसाहार से परहेज करना चाहिए।
हल्का भोजन- रात्रि में हल्का भोजन करें, ब्रह्मचर्य का पालन करें, मन-वचन से शुद्ध भावना अपनाएं और घर के स्वस्छ और वातावरण को शांत रखें।
2. एकादशी के दिन (3 जनवरी 2027)
प्रातःकाल की तैयारी- एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठें और सबसे पहले स्नान करें। साफ वस्त्र धारण करने के बाद पूजा की तैयारी में जुट जाएं और सभी सामग्रियों को एकत्रित कर लें।
संकल्प लेना- व्रत शुरू करने से पहले संकल्प लेना जरूरी माना जाता है। इसके लिए पूजाघर में घी का दीपक जलाएं और भगवान के सामने हाथ जोड़कर यह संकल्प लें कि आप पूरी श्रद्धा से व्रत नियमों का पालन करेंगे और व्रत का फल प्रभु चरणों में समर्पित करेंगे। इसी दौरान यह संकल्प लें कि आप निर्जला, सजला या सात्विक व्रत कौन सा व्रत रख रहे हैं।
3. एकादशी के बाद (4 जनवरी 2027)
स्नान-पूजन- द्वादशी तिथि पर सुबह जल्दी उठकर शुद्ध जल से स्नान करें और साफ वस्त्र पहनें। सबसे पहले सूर्य देवता को अर्घ्य दें, फिर भगवान विष्णु का पूजन करें।
पारण विधि- पारण से पहले ब्राह्मण और जरूरतमंदों में अपने सामर्थ्यनुसार दान-दक्षिणा जरूर करें और फिर अपना व्रत खोलें। आप भगवान को अर्पित किया गया प्रसाद ग्रहण करके अपना व्रत खोल सकते हैं।
क्या खाएं- एकादशी व्रत के बाद द्वादशी तिथि पर चावल का सेवन जरूर करना चाहिए। पारण के दौरान हल्का भोजन ही करें।
सफला एकादशी पूजा की सामग्री
- प्रतिमा आसन- भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर, मां लक्ष्मी की मूर्ति या तस्वीर, लकड़ी की चौकी, चौकी पर बिछाने के लिए लाल कपड़ा, बैठने के लिए पीला आसन।
- फूल- भगवान को चढ़ाने के लिए पीले फूल, माला और तुलसी दल।
- दीप धूप- अगरबत्ती, घी, तेल, बाती, मिट्टी का दीपक और माचिस।
- श्रृंगार- पीला चंदन, रोली, कुमकुम, हल्दी, जनेऊ, कलावा।
- अभिषेक- शुद्ध जल, गंगाजल, दूध और शंख।
- पंचामृत- दूध, दही, घी, शक्कर (मिश्री), शहद।
- भोग- मिठाई, मौसमी फल, पंचमेवा, नारियल, सुपारी।
- पुस्तक- सफला एकादशी व्रत कथा की पुस्तक, आरती की पुस्तक, मंत्र जाप की पुस्तक (यदि मंत्र याद न हो तो)।
नोट- यह सफला एकादशी पूजा के लिए सामान्य व मुख्य पूजा सामग्री की सूची है, जिसकी आवश्यकता आपको पूजा को दौरान पड़ सकती है। पहले से इन सामग्रियों को इकट्ठा कर लें, ताकि पूजा में बाधा न आए।
सफला एकादशी पूजा की विधि
- एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और फिर साफ वस्त्र पहन लें। इस दिन पीले रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है। इसके अलावा लाल, गुलाबी जैसे रंगों के कपड़े भी पहन सकते हैं, लेकिन काला, गहरा नीला या भूरे रंग के कपड़े पहनने से बचें।
- स्नान के बाद पूजा स्थान की सफाई करें, गंगाजल छिड़क कर शुद्ध करें और फिर लकड़ी की चौकी स्थापित करें। चौकी के ऊपर कपड़ा बिछाएं और फिर भगवान की प्रतिमा स्थापित करें।
- चौकी के पास ही जल से भरा कलश भी स्थापित करें। कलश में शुद्ध जल भरें, फूल-अक्षत डालें और आम के पांच पत्ते डालकर ऊपर से नारियल रखें। इसके बाद धूप-दीप जलाएं।
- अब भगवान का अभिषेक करें, चंदन का तिलक लगाएं, जनेऊ पहनाएं, मां लक्ष्मी को सिंदूर लगाएं और श्रृंगार का सामान चढ़ाएं। इसके बाद भोग और नैवेद्य अर्पित करें।
- अब मंत्रों का जाप करें, सफला एकादशी की व्रत कथा पढ़ें और अंत में आरती के साथ पूजा का समापन करें। पूजा के बाद भी संकल्प के अनुसार व्रत नियमों का पालन करें और अगले दिन द्वादशी तिथि पर पारण करें (व्रत खोलें)।
नोट- यह सफला एकादशी पूजा की सामान्य विधि है। परंपरा और क्षेत्र के अनुसार पूजा विधि में थोड़ा अंतर हो सकता है, इसलिए आप अपनी परंपरा के अनुसार पूजा विधि का पालन करें।
सफला एकादशी पर क्या करें और क्या नहीं
सफला एकादशी को आध्यात्मिक दृष्टि से बहुत ही महत्वपूर्ण तिथि माना जाता है। इस दिन व्रत रखने के साथ ही कुछ नियमों का पालन करना भी जरूरी होता है, तभी व्रत का फल प्राप्त होता है। इसलिए व्रत रखने से पहले यह भी जानना जरूरी है कि इस दिन क्या करें और किन कामों से परहेज करें।
सफला एकादशी पर क्या करें?
- सफला एकादशी पर सात्विक या फलाहार व्रत रखें। केवल व्रत में मान्य चीजों का ही सेवन करें, खासकर चावल खाने से बचें।
- सफला एकादशी के दिन व्रतधारी को ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए, क्योंकि इससे मन में विकार उत्पन्न होता है। अतः एकादशी पर यह कार्य नहीं करना चाहिए।
- विधि-विधान से पूजा करें और ध्यान, मंत्र जाप और रात्रि जागरण करें। संध्याकाल में घर के मंदिर, तुलसी के पास और जल स्रोत के किनारे दीपक जलाएं।
- जरूरतमंदों में अपनी क्षमतानुसार दान-दक्षिणा अवश्य करें। इस दिन पीले वस्त्र, गर्म कपड़े, पीले फल और अन्न का दान सबसे श्रेष्ठ माना जाता है।
सफला एकादशी पर क्या नहीं करें?
- एकादशी का व्रत रखकर किसी भी प्राणी को जानबूझ कर दुख न पहुंचाएं। साथ ही झूठ बोलने, हिंसा करने, जुआ खेलने चोरी करने, क्रोध करने और किसी का अपमान करने से बचें।
- जो लोग पान मसाला या नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं, वे इससे परहेज करें। एकादशी पर इन चीजों का सेवन करने से व्रत खंडित हो सकता है और भगवान विष्णु भी नाराज हो सकते हैं।
- एकादशी पर तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए। पूजा के लिए आवश्यकता हो तो एक दिन पहले ही पत्ते तोड़कर रख लें। साथ ही, एकादशी पर तुलसी में जल भी न चढ़ाएं। मान्यता है कि तुलसी भी एकादशी व्रत रखती है और तुलसी को स्पर्श करने से उसका व्रत खंडित हो सकता है।
- एकादशी के दिन बाल कटवाने, दाढ़ी बनवाने, नाखून काटने की मनाही होती है। कई मान्यताओं में इस दिन स्त्रियों को बाल धोने से भी मना किया जाता है।
- एकादशी के दिन घर में गंदगी न फैलाएं, घर को साफ रखें और शुद्धता का पालन भी करें। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि घर की साफ-सफाई करते समय किसी जीव (मच्छर, मक्खी, चींटी आदि) को नुकसान न पहुंचाएं।
सफला एकादशी व्रत की कथा
धर्मराज युधिष्ठर भगवान श्रीकृष्ण से कहते हैं- हे जनार्दन! मैंने आपसे मार्गशीर्ष के शुक्ल पक्ष की मोक्षदा एकादशी का सविस्तार वर्णन सुना और इसकी महिमा जानी। कृपया अब आप मुझे पौष मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी के बारे में भी बताइए। भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- इस एकादशी को सफला एकादशी के नाम से जाना जाता है, जिसके देवता श्री नायारण हैं। जिस तरह से नागों में शेषनाग, पक्षियों में गरुड़, ग्रहों में चंद्रमा, यज्ञों में अश्वमेध और देवताओं में श्रीहरि श्रेष्ठ हैं, उसी तरह से व्रतों में एकादशी व्रत श्रेष्ठ है। मैं तुम्हें सफला एकादशी की कथा बताता हूं, एकाग्रचित होकर सुनो।
चम्पावती नगरी में एक महिष्मान नामक राजा राज्य करता था, उसके चार पुत्र थे। ज्येष्ठ पुत्र का नाम लुम्पक था, जो महापापी था और सदैव पापकर्मों में लिप्त रहता था। परस्त्री, वेश्यागमन, जुआ और अन्य बुरे कामों में लिप्त होकर अपने पिता का धन बर्बाद करता था। धर्म के प्रति भी उसकी निष्ठा नहीं थी और वह सदा देवताओं, ब्राह्मणों व वैष्णवों की निंदा करता था। पुत्र के कुकर्मों से तंग आकर राजा ने उसे राजमहल से निकाल दिया। इसके बाद लुम्पक को समझ नहीं आ रहा था कि अब वह कहां जाए, क्या करे और क्या खाए?
आखिरकार उसने अपना पेट भरने के लिए चोरी करने का फैसला किया। दिन के समय वह जंगल में छिपा रहता और रात होते ही पिता की नगरी में ही चोरी करता और प्रजा को मारने का कुकर्म भी करता। वन में रहकर भी पशुओं को मारकर खाता था। धीरे-धीरे पूरी नगरी उससे भयभीत हो गई। लेकिन राजा के भय से उसे कोई पकड़ने का साहस नहीं करता था।
महापापी लुम्पक वन में जिस प्राचीन और विशाल पीपल वृक्ष के नीचे रहता था, लोग उसकी पूजा करते थे और वन को देवताओं की क्रीड़ास्थली मानते थे। एक बार पौष के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि पर कड़ाके की ठंड थी। ठंड और शीत के कारण लुम्पक रातभर सो नहीं पाया और उसके हाथ-पैर अकड़ गए। सुबह होते-होते वह मूर्छित हो गया। अगले दिन एकादशी की मध्याह्न के समय सूर्य की गर्मी पाकर उसकी मूर्छा कुछ दूर हुई। किसी तरह वह भोजन की तलाश में निकला, लेकिन शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण किसी पशु को मार न सका। अत: उसने वृक्ष से नीचे गिरे फलों को उठाया और पीपल वृक्ष के पास चला गया। तब तक सूर्यास्त का समय हो चुका था। पीपल वृक्ष के नीचे बैठकर वह फल रखकर कहने लगा- हे भगवान! यह फल आपको ही अर्पण है, आप ही तृप्त हो जाएं। उस रात लुम्पक को नींद नहीं आई। इस प्रकार उपवास और रात्रि जागरण करके अनजाने में उसने सफला एकादशी का व्रत पूरा कर लिया।
अगली सुबह एक बहुत सुंदर अश्व (घोड़ा) जो अनेक वस्तुओं और रत्नों से सजा हुआ था, उसके सामने आकर खड़ा हो गया। लुम्पक कुछ समय नहीं पाया, इस बीच आकाशवाणी हुई, हे राजन! एकादशी व्रत के पुण्य और श्रीहरि की कृपा से आपके सारे पापकर्म नष्ट हो गए। अब आप अपने पिता के राज्य जाओ। यह सुनकर वह प्रसन्न हुआ और भगवान की जय-जय करते हुए पिता के पास पहुंचा। पिता ने भी उससे प्रसन्न होकर उसे राजा राज्यभार सौंप दिया। इसके बाद से लुम्पक ने सारे बुरे काम छोड़ दिए और शास्त्रनुसार रहने लगा। जीवनभर उसने राज्य और पारिवार सुख भोगकर अंत समय में वैकुंठ प्राप्त किया।
इसलिए तब से ऐसी मान्यता है कि, जो मनुष्य इस परम पवित्र सफला एकादशी का व्रत करता है उसे अंत में मुक्ति मिलती है। जो नहीं करते, वे पूंछ और सींगों से रहित पशुओं के समान माने जाते हैं। इस सफला एकादशी व्रत कथा के माहात्म्य को पढ़ने या श्रवण करने से मनुष्य को अश्वमेध यज्ञ जैसा फल मिलता है।
Related Tithi Pages
संबंधित पंचांग पृष्ठ
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
सफला एकादशी का व्रत हर कोई रख सकता है। लेकिन अस्वस्थ व्यक्ति, बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को सफला एकादशी का व्रत नहीं रखना चाहिए।
हां, मासिक धर्म (पीरियड) में भी सफला एकादशी व्रत रख सकते हैं। लेकिन पूजा-पाठ और अनुष्ठानों में शामिल नहीं होना चाहिए।
सफला एकादशी व्रत का पारण करने के बाद ही व्रत का पूरा फल मिलता है और व्रत सफल माना जाता है। वहीं सही समय पर पारण न करने पर व्रत का पुण्य नहीं मिलता है।
व्रत के दौरान जाने-अनजाने में कोई गलती हो जाए तो भगवान विष्णु से क्षमा याचना करें, 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें और यथाशक्ति दान करें।